चित्रकूट
चित्रकूट नगर पंचायत के सीएमओ रमाकांत शुक्ला के सतना स्थित निवास पर गुरुवार सुबह 5 बजे लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई की। शुक्ला के खिलाफ भ्रष्टाचार से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। सतना के महाराणा प्रताप नगर में अल सुबह जैसे ही लोकायुक्त की टीम ने उनके घर पर दस्तक दी तो सभी घबरा गए थे। रमाकांत शुक्ला इसके पहले सतना नगर निगम और मैहर नगर पालिका में भी पदस्थ थे। लोकायुक्त एसपी राजेश वर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई चल रही है।
सतना में रमाकांत ने वीनस मार्ट की जमीन में कब्जा हटाने और नियम विरुद्ध निर्माण कार्य में शामिल रहने की बात सामने आई थी। इस मामले में बड़े लेन-देन की शिकायत भी हुई थी। शुक्ला पर आरोप था कि उन्होंने कांग्रेस नेता के साथ मिलकर पन्नीलाल चौक पर बनी जर्जर बिल्डिंग गिराई थी। इसमें भी बड़े लेन-देन की शिकायत सामने आई। तीन साल पहले इनके खिलाफ जांच शुरू हुई थी, तभी से रमाकांत शुक्ला लोकायुक्त की नजर में थे। बताया जा रहा है कि इनके साथ एक सहायक यंत्री भी लोकायुक्त पुलिस की राडार पर है।