जम्मू
इस साल की अमरनाथ यात्रा का आरंभ हो चुका है। बाबा अमरनाथ के आज पहले दर्शन होंगें। इसके लिए रविवार को श्रद्धालुओं का पहला जत्था जम्मू से पहलगाम और बालटाल के लिए चल दिया था। पहले जत्थे में 2,234 श्रद्धालु शामिल हैं। इन्हें 93 वाहनों से रवाना किया गया था। अब तक देश भर से डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु एडवांस रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
अमरनाथ यात्रा के प्रथम दिन मां वैष्णो देवी के पुजारी लोकेश पुजारी अन्य पुजारियों के साथ बाबा अमरनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे। इस मौके पर माता वैष्णो देवी और अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन राज्यपाल सत्यपाल मलिक के साथ ही अन्य वीवीआइपी भी वहां पहुंचेंगे। मां वैष्णो देवी मंदिर के पुजारी लोकेश अन्य पुजारियों के साथ अमरनाथ गुफा पहुंच चुके हैं।
सोमवार को जम्मू से यात्रियों का दूसरा जत्था बालटाल और पहलगाम के लिए भेजा जाएगा। यात्रा के पहले जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं में भारी उत्साह नजर आया। उन्हें कश्मीर के हालात और आतंकवाद का कोई खौफ नहीं है। जत्थे को रवाना करते हुए राज्यपाल के सलाहकार ने श्रद्धालुओं को सफल यात्रा की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।

