शाह के राजधानी पहुंचने से पहले भाजपा में शामिल हुआ निर्दलीय विधायक

0
316

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियां सक्रिय हो चुकी हैं। भाजपा ने कांग्रेस से एक कदम आगे चलते हुए सिवनी के निर्दलीय विधायक दिनेश राय मुनमुन को अपने पाले में शामिल कर लिया है। लंबे समय से निर्दलीय विधायक दिनेश राय मुनमुन के भाजपा में शामिल होने की बात चल रही थी। देर रात अचानक प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे विधायक दिनेश राय मुनमुन ने प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
Before reaching the capital of Shah, an Independent MLA joining the BJP
भाजपा ने शाह के राजधानी पहुंचने से पहले ही जोड़तोड़ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि भाजपा की सदस्यता लेने से पहले वे मुख्यमंत्री निवास पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने पहुंचे थे। यहां सौजन्य भेंट के माध्यम से उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास के कई मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे जिन्हें मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है। इसके बाद ही निर्दलीय विधायक ने भाजपा में शामिल होने का ऐलान कर दिया।

मीडिया से बातचीत में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि अब मैं बड़ी पार्टी में शामिल हुआ हूं तो निश्चित है कि मेरी विधानसभा में अब ज्यादा तेजी से विकास हो सकेगा। उन्होंने कहा कि मैं पिछले काफी समय से अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कर रहा हूं, लेकिन जिस गति से विकास होना चाहिए, विकास उस गति से नहीं हो पा रहा था। यही वजह है कि मैंने अपने क्षेत्र में जल्द विकास और जनता के हित के लिए भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि मैं भाजपा की विचारधारा से प्रभावित हूं इसीलिए मैंने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का निर्णय भी लिया है। कमलनाथ की तारीफ करते हुए निर्दलीय विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि कमलनाथ अपनी जगह पर बेहतर हैं, लेकिन मैं किसी की आलोचना नहीं कर सकता। सभी व्यक्ति अपनी-अपनी कार्यप्रणाली में बेहतर हैं, लेकिन मेरे मन में कांग्रेस का विचार नहीं मेरे मन में अपने क्षेत्र की जनता का विचार था और जो मुझे ठीक लगा वह मैंने किया है।

आज अमित शाह पहुंचेंगे भोपाल
खास बात यह है कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने के कुछ घंटे पहले ही एक निर्दलीय विधायक को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने अमित शाह को खुश करने का एक अच्छा अवसर जरूर ढूंढ लिया है। कांग्रेस भी सिवनी के निर्दलीय विधायक को अपनी पार्टी में लाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन उससे पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने बाजी मार ली है।