बिहार चुनाव 2020: आज थमेगा चुनाव प्रचार, पहले चरण की वोटिंग 28 अक्टूबर को

0
349

TIO PATNA

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का प्रचार सोमवार शाम थम जाएगा। पहले चरण में 71 सीटों पर 28 अक्टूबर को वोटिंग होगी। इस पर देश भर की निगाहें हैं, क्योंकि कोरोना के दौरान किसी आम चुनाव के लिए यह पहला मतदान होगा। इस दौर में कुल 1064 प्रत्याशी हैं। कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार एवं शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा समेत राज्य सरकार के आठ मंत्रियों की परीक्षा होनी है। सबसे दिलचस्प मुकाबला इमामगंज सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी और पूर्व स्पीकर उदय नारायण चौधरी के बीच होना है। मांझी अपनी पार्टी हिदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और चौधरी राजद के टिकट पर मैदान में हैं। बाहुबली नेता एवं मोकामा से राजद प्रत्याशी अनंत सिंह, लोजपा से इस्तीफा देकर तरारी सीट से निर्दलीय लड़ रहे सुनील पांडेय का दम भी देखा जाएगा।

पहले चरण में जिन अन्य मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है, उनमें शैलेश कुमार, जय कुमार सिंह, संतोष कुमार निराला, रामनारायण मंडल, विजय कुमार सिन्हा एवं बृजकिशोर बिंद हैं। इस चरण में 375 प्रत्याशी करोड़पति हैं। यानी प्रत्येक तीसरा प्रत्याशी करोड़पति है। इनमें सबसे ज्यादा 41 में से 39 प्रत्याशी राजद के हैं। अनंत सिंह सबसे अमीर हैं। उनके पास 68 करोड़ से अधिक की संपत्ति है।

बता दें, इस बार भी मुख्य मुकाबला एनडीए और यूपीए के बीच है। हालांकि कुछ दल इधर उधर हुए हैं। इस बार लोकजनशक्ति पार्टी (LJP) एनडीए का हिस्सा नहीं है। जदयू और भाजपा, छोटे सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी तरह मुख्य मुकाबले में लालू यादव की पार्टी आरजेडी है तो कांग्रेस उसकी जूनियर पार्टनर की भूमिका में है।