पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि राज्य में शराबबंदी जारी रहेगी और वह चाहते हैं कि राज्य में हर तरह के नशीले पदार्थ पर बैन लगे। हाल ही में राज्य में खैनी पर जल्द ही बैन लगाने का कदम उठाए जाने की खबर आई थी। नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि उनकी सरकार आबकारी कानून के सख्त प्रावधानों के दुरुपयोग की शिकायतों पर गंभीर है और इसमें कुछ संशोधन की तैयारी कर रही है।
Bihar’s CM says: This big step will be prohibited in Bihari liquor, social reform
नीतीश कुमार ने कहा कि बड़े सामाजिक सुधार की दिशा में शराबबंदी का कदम उठाया गया था और इसमें सभी प्रकार के मादक पदार्थ मसलन समाज के एक हिस्से में काफी प्रचलित खैनी (तंबाकू का एक प्रकार) को भी शामिल किया जाएगा। वहीं, इस बैन की वजह से जिनकी रोजी-रोटी पर बुरा असर पड़ेगा, उनके हितों को भी सुरक्षित रखा जाएगा।
‘आबकारी ऐक्ट के दुरुपयोग की शिकायतें’
पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नीतीश ने कहा, ‘अगर आप मुझसे पूछते हैं कि क्या हमें इस कानून में संशोधन करना चाहिए, तो मेरा जवाब हां है। हालांकि मैं अभी विस्तार से यह नहीं बता सकता कि हमारे कानूनी विशेषज्ञों ने बदलाव के लिए क्या काम किया है। 2 अक्टूबर 2016 को जब हमने नया आबकारी कानून लागू किया था तो यह कहा गया था कि इसके कुछ प्रावधान काफी सख्त हैं। इसके बाद से हम ऐक्ट के दुरुपयोग की शिकायतें सुन रहे हैं।’
बिहार के सीएम ने आगे कहा, ‘हमारा इरादा इस ऐक्ट में यथोचित संशोधन का है और हमने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में अपील की है, जिस पर अभी सुनवाई होनी है। हमें बताया गया है कि कानून के गलत इस्तेमाल को कम से कम करने के लिए बदलाव लाया जा सकता है। यह काम हम करेंगे। लेकिन शराब पर रोक जारी रहेगी। लोगों को अभी पता नहीं है कि इसका उनके जीवन खास तौर पर गरीब लोगों के जीवन पर कितना असर पड़ रहा है।’

