BJP ने कांग्रेस से पूछा- राहुल 5 साल में 16 बार विदेश गए, सीक्रेट ऑपरेशन में शामिल हैं ?

0
264

नई दिल्ली

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर भाजपा ने गुरुवार को तंज कसा। भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने दावा किया कि राहुल 5 साल में 16 बार विदेश दौरे पर गए। इतनी बार तो वे उनके पूर्व लोकसभा क्षेत्र अमेठी भी नहीं गए। इसलिए अमेठी की जनता ने इस बार उन्हें स्वीकार नहीं किया और वे लोकसभा चुनाव में हार गए।

पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में राव ने कहा, ‘‘राहुल 16 बार विदेश दौरे पर गए। इनमें से 9 बार यह नहीं बताया गया कि राहुल कहां गए हैं। उन्होंने इस बात का खुलासा क्यों नहीं किया? क्या राहुल किसी सीक्रेट ऑपरेशन में शामिल हैं?’’

‘नेहरू-गांधी परिवार ने महान नेताओंं का कई बार तिरस्कार किया’

भाजपा नेता अमित मालवीय ने ट्वीट किया, ‘‘यह बहुत ही शर्म की बात है कि राहुल गांधी के पास सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए समय नहीं है। यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है। इससे पहले भी नेहरू-गांधी परिवार ने भारत निर्माण में योगदान देने वालों का कई बार तिरस्कार किया है।’’

राहुल ध्यान साधना के लिए विदेश जाते हैं: कांग्रेस
राहुल अक्टूबर महीने में दूसरी बार विदेश यात्रा पर गए हैं। वे 28 अक्टूबर को ही विदेश रवाना हो गए थे। संभवत: राहुल एक हफ्ते वहां रहेंगे। इस पर पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने 30 अक्टूबर को कहा था- राहुल पहले भी समय-समय पर ध्यान साधना के लिए विदेश जाते रहे हैं। पार्टी के विरोध प्रदर्शनों की रूपरेखा उन्हीं के निर्देशन में तैयार की गई है।

दूसरी तरफ, उनकी पार्टी खराब अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। कांग्रेस 1 से 8 नवंबर के बीच 35 प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सरकार को घेरने की कोशिश करेगी। 5 से 15 नवंबर के बीच इसी मुद्दे पर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे।