भोपाल। सीहोर जिले के दिग्गज सहकारी नेता एवं पूर्व भाजपा विधायक रमेश सक्सेना ने गुरुवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्हें मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्सेना से मेरे वर्षों पुराने संबंध हैं, वह भाजपा में लीज पर थे। आज उनकी लीज खत्म हुई। इस अवसर पर पार्टी के प्रभारी दीपक बाबरिया भी मौजूद थे।
BJP’s former MLA Ramesh Saxena, Daman of Thaa Congress, Nath has given party membership
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सक्सेना ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने कहा कि 24 साल बाद मेरी घर वापसी हुई है, मैं शरीर से जरूर भाजपा में था, लेकिन मन से हमेशा कांग्रेसी ही रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ से उनका 30 साल पुराना संबंध है।
उन्हें अपना बड़ा भाई मानता हूं। इस दौरान सक्सेना ने भाजपा पर भ्रष्टाचार बढ़ाने का आरोप लगाया, साथ ही कहा कि मेरा मन वहां ऊब चुका था। एक सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि ‘मैं लोकसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा, लेकिन सीहोर जिले की चारों सीटों को जिताने में पूरी ताकत झोंक दूंगा।
इस मौके पर कमलनाथ ने कहा कि सक्सेना के आने से कांग्रेस मजबूत होगी, दरअसल सक्सेना कांग्रेस का नहीं, बल्कि सच्चाई का साथ देने आगे आए हैं। उन्होंने परिहास करते हुए कहा कि दरअसल ये पुराने कांग्रेसी हैं, भाजपा में तो लीज पर गए थे, आज उनकी लीज खत्म हो गई। हमारे बीच आत्मीय संबंध हमेशा से रहे हंै। मैं कांग्रेस में उनके स्वागत का इंतजार कर रहा था।

