TIO इंदौर
कोरोना संदिग्धों के इलाज के लिए चिह्नित येलो श्रेणी के गोकुलदास अस्पताल में गुरुवार को एक घंटे में तीन मरीजों की मौत के बाद हंगामा हो गया। सिर्फ चार-पांच घंटे में ही यहां 4 मरीजों ने दम तोड़ दिया। परिजन ने अस्पताल पर आरोप लगाया कि येलो कैटेगरी से ग्रीन में आने की जल्दी में लापरवाही बरती जा रही है। एक युवती ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सांसद शंकर लालवानी ने मामले में कलेक्टर मनीष सिंह से बात की। इस पर संभागायुक्त (कमिश्नर) आकाश त्रिपाठी और कलेक्टर ने 3 सदस्यीय जांच कमेटी बैठा दी। कलेक्टर के मुताबिक, अस्पताल का लाइसेंस अस्थाई तौर पर निरस्त कर दिया है। यहां के मरीजों को मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में शिफ्ट करेंगे। जांच में प्रबंधन दोषी मिला तो लाइसेंस स्थाई रूप से निरस्त कर अस्पताल सील कर देंगे। भास्कर ने अस्पताल का पक्ष जानने के लिए अस्पताल के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. संजय गोकुलदास को कई बार फोन लगाए, लेकिन उन्होंने अटैंड नहीं किया। जांच के लिए पहुंचे सीएमएचओ के फोन भी नहीं उठाए। उधर, मामला सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से भी सरकार पर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।
जिन 4 की मौत, उनमें 3 की रिपोर्ट निगेटिव, एक की आना बाकी है
1. परसराम वर्मा (54) निमोनिया से दोनों लंग्स खराब हो गए थे। सुबह 11.30 बजे मौत हुई। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
2. आबिदा बी (74) इन्हें भी निमोनिया व लंग्स में समस्या थी। दोपहर करीब 3.30 बजे मौत। कोरोना की रिपोर्ट आना बाकी।
3. भंवरलाल प्रजापत (78)हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ह्रदय रोग। शाम करीब 4.45 बजे मौत। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई।
4. सलमा बी (55) हाइपरटेंशन, लंग्स, डायबिटीज की समस्या थी। शाम करीब पांच बजे मौत। कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव।
वीडियो में परिजन बोले- हमें बाहर कर सैनिटाइजेशन करना चाहते हैं
- युवती : यह देखिए अस्पताल की कंडीशन। एक के बाद एक सबकी डेथ होती जा रही है।
- युवक : दस मिनट पहले अम्मी से बात की। उन्होंने कहा कि अच्छी हूं और दस मिनट बाद स्टॉफ बोलता है कि अम्मी की डेथ हो गई।
- एक व्यक्ति: दो दिन पहले बोला था कि यह ग्रीन अस्पताल होने जा रहा है। सैनिटाइज करेंगे।
- युवती: आधे घंटे में तीन की मौत हो गई। वो बाजी रोती हुई आ रही हैं। इनका मरीज 24 दिन से भर्ती था। मेरे भी पापा की डेथ हो गई है।
- गोविंद प्रजापत : चार बजे तक पापा ठीक थे, कुछ देर बाद स्टॉफ बोलता है, नहीं रहे।
जांच दल ने रिकॉर्ड जब्त किया
देर रात एमवाय अधीक्षक डॉ. पीएस ठाकुर, सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जडिया, डॉ. सलिल भार्गव की टीम जांच करने अस्पताल पहुंची। उधर, राऊ की नम्रता पांडे की शिकायत पर तुकोगंज पुलिस ने भी अस्पताल को नोटिस जारी किया है। सीएमएचओ का कहना है कि अस्पताल में मरीजों के एडमिशन पर प्रतिबंध लगाकर रिकॉर्ड जब्त कर लिया है।
उज्जैन जिले में कोरोना संक्रमण के 19 नए मामले आए हैं। इन्हें मिलाकर अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या 220 हो गई है। जिले में अब तक 43 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है। बुरहानपुर में 5 नए कोरोना पोजिटीव मरीज मिले। अब संख्या हुई 48। अब तक 4 लोगों की मौत हुई है।
देवास में शुक्रवार को कोरोना के दो मामले सामने आए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। वहीं, इस वायरस से अब तक 7 लोगों की जान जा चुकी है। अच्छी बात यह है कि 34 में से 13 मरीज काेरोना को हराकर अपने घर लौट चुके हैं। सुबह जो मामले सामने आए उनमें एक सिविल लाइन निवासी डॉक्टर है। जबकि दूसरी संक्रमित महिला वासुदेव पूरा की रहले वाली है।
प्रदेश में गुरुवार को 75 नए कोरोना संक्रमित मिले वहीं इंदौर, उज्जैन व जबलपुर में एक-एक और मौत की पुष्टि हुई। इन्हें मिलाकर राज्य में कुल संक्रमित 3240 हो गए हैं तो मृतक संख्या बढ़कर 172 हो गई। अच्छी सूचना यह मिली कि भोपाल में 22 और मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इन्हें मिलाकर राजधानी में अब तक कुल 675 मरीजों में से 380 यानी आधे ज्यादा रोगी स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
भोपाल के एक ही क्षेत्र में 11 नए मरीज मिले
भोपाल के जहांगीराबाद क्षेत्र में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को यहां 11 नए मरीज मिले हैं। इन्हें मिलाकर शहर में कुल 24 नए मरीज मिले हैं। भोपाल में अब तक मरीजों की संख्या 675 हो गई है। 23 मरीजों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा गुरुवार को 20 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। अब तक 380 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
रतलाम में 3 नए केस मिले
रतलाम जिले में 3 नए कोरोना मरीज मिले। शिवनगर कंटेनमेंट क्षेत्र में ही सैंपल लेने के बाद जांच रिपोर्ट में हुआ खुलासा। जिले में कुल मरीजों की संख्या 23 हुई। इनमें से 13 स्वस्थ हो चुके हैं।