इस साल जुलाई में लांच होगा चंद्रयान-2, 6 सितंबर को चंद्रमा पर पहुंचने की उम्मीद

0
293

बेंगलुरु

चंद्रमा पर भारत के बहुप्रतीक्षित दूसरे मिशन चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण के लिए 09 से 16 जुलाई के बीच का समय तय किया गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो ने बुधवार को बताया कि चंद्रयान-2 के तीनों मॉड्यूलों को 09 जुलाई से 16 जुलाई के बीच प्रक्षेपण के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके 06 सितंबर को चंद्रमा पर पहुंचने की उम्मीद है।

चंद्रयान-2 में तीन मॉड्यूल हैं। आॅर्बिटर मॉड्यूल चंद्रमा की कक्षा में उसके चक्कर लगाएगा। लैंडर मॉड्यूल चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। इसे विक्रम नाम दिया गया है। तीसरा मॉड्यूल ह्यप्रज्ञान’ नाम का रोवर है जो चंद्रमा की सतह पर घूम-घूमकर आंकड़े और नमूने एकत्र करेगा। प्रक्षेपण के समय आॅर्बिटर और लैंडर मॉड्यूल एक-दूसरे से जुड़े रहेंगे। रोवर को लैंडर के भीतर रखा जाएगा। प्रक्षेपण के बाद पहले इन्हें पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किया जाएगा। बाद में पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार कक्षा में परिवर्तन कर इसे चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा।

चंद्रमा की कक्षा में पहुंचकर लैंडर आॅर्बिटर से अलग हो जाएगा तथा चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास पहले से तय स्थान पर आहिस्ते से चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। इसके बाद रोवर भी लैंडर से अलग हो जाएगा और वैज्ञानिक आंकड़े तथा नमूने एकत्र करने के लिए चंद्रमा की सतह का भ्रमण करेगा। लैंडर और आॅर्बिटर वैज्ञानिक अनुसंधानों के लिए उपकरणों से लैस होंगे। इस मिशन का प्रक्षेपण स्वदेशी प्रक्षेपण यान जीएसएलवी एमके-3 की मदद से किया जाएगा।