छत्तीसगढ़: करारी हार के बाद भाजपा कांग्रेस को घेरने की शुरू की तैयारी

0
141

रायपुर, जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में करारी हार के बाद अब भाजपा ने कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बस्तर संभाग की सात विधानसभा सीट पर हार की समीक्षा के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी जेब में कांग्रेस का घोषणा पत्र लेकर चलें। जहां भी कांग्रेस सरकार वादा पूरा करने में चूके, उसे उजागर करें।
Chhattisgarh: After the defeat of the BJP, the BJP prepares to start the Congress
कौशिक ने कहा कि प्रदेश में लगातार चौथी बार सरकार बनाने का भाजपा का सपना तोड़ने में कांग्रेस का जन घोषणा पत्र की मुख्य भूमिका रही है। किसानों और कर्मचारियों ने कर्ज माफी, धान बोनस, बिजली बिल हॉफ व कर्मचारियों की मांगे पूरी करने के कांग्रेस के वादों को सही मानते हुए पिछले 15 सालों में प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास के कामों को दरकिनार कर कांग्रेस के पक्ष में जमकर मतदान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र के आगे भाजपा का संकल्प पत्र चर्चा मेंं ही नहीं आ पाया। भाजपा अब सरकार के काम पर नजर रखेगी और घोषणापत्र में किए गए वायदों को पूरा करने के दबाव बनाएगी। पार्टी की मांग किसानों का हर तरह का कर्ज माफ करने की है। कांग्रेस ने चुनाव पूर्व जो कहा था उसे पूरा करने से अब पीछे भाग रही है। कर्ज माफी का जो आदेश जारी हुआ है उसमें अल्पकालीन कर्ज की माफी की बात लिखी है जबकि घोषणा किसानों के पूरे कर्ज की माफी थी।

कार्यकर्ताओं ने निकाली भड़ास
भाजपा जिला कार्यकारिणी और प्रत्याशियों की बैठक में कार्यकतार्ओं ने मन का गुबार निकाला। कुछ वरिष्ठ कार्यकतार्ओं श्रीनिवास राव मिश्रा, राममूर्ति पांडे, अश्विनी शरडे का कहना था कि चुनाव में पूरे जिले में कार्यकतार्ओं की पूछ परख पहले जैसी नहीं थी। यहां तक की संगठन को भी दरकिनार कर दिया गया था। कौशिक का कहना था कि लंबे समय तक सत्ता में रहने से कुछ खामियां आ जाती हैं। सत्ता जाते ही खामियां भी चली जाती हैं तो कार्यकर्ता भी शिकायत को त्यागकर पार्टी के काम में जुट जाएं। सामने लोकसभा चुनाव है और यह समय हाथ पर हाथ धरे रहकर बैठने का नहीं है।

दूसरी जेब में भाजपा का जुमलापत्र रखना न भूलें : भूपेश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है। भूपेश ने ट्वीट किया-न सिर्फ भाजपा के साथी, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनता, कांग्रेस के जन घोषणा पत्र को अवश्य अपनी जेब में रखें। खुद देखें कि कांग्रेस जो कहती है, वो करती है या नहीं। साथ ही साथ भाजपा का जुमलापत्र भी दूसरी जेब में रखना न भूलें।