छत्तीसगढ़ विस चुनाव: थम गया चुनाव प्रचार अभियान, सोमवार को पहले चरण का मतदान

0
371

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहले चरण का चुनाव प्रचार अभियान थम चुका है। राज्य के बस्तर और राजनांदगांव क्षेत्र की 18 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर सोमवार को मतदान होगा। पहले चरण के लिए धुआंधार प्रचार अभियान जारी था, लेकिन मतदान के 2 दिन पहले ये चुनावी शोर थम गया। हालांकि प्रत्याशी घर-घर जाकर बिना किसी शोर-शराबे के अब भी प्रचार कर सकेंगे। इसी के साथ विधानसभा क्षेत्र से बाहर के लोगों को यहां से जाने का आदेश प्रभावी हो जाएगा।
Chhattisgarh election: the first phase of polling on Monday
बस्तर संभाग में मतदान दलों की रवानगी का दौर शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। नजदीक के मतदान केंद्रों के लिए दल रविवार को रवाना होगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में होने वाले मतदान पर चुनाव आयोग के साथ ही देश-दुनिया की भी निगाहें रहेंगी। राज्य के अतिसंवेदनशील नक्सल प्रभावित इन क्षेत्रों में सबसे पहले मतदान करवाए जा रहे हैं। सभी मतदान दल अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं। चुनाव के दौरान नक्सल हिंसा की आशंका को देखते हुए इन विधानसभा क्षेत्रों के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल के जवानों को मुस्तैद किया गया है।