नागरिकता कानून: जबलपुर में लगा कर्फ्यू , विमान से दो मंत्री रवाना, प्रशासन की सख्त नज़र

0
907

TIO, जबलपुर।

शहर के रद्दी चौक क्षेत्र में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का विरोध कर रहे लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे कई पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठियां भी भांजी, जिससे तितर-बितर हो गई। इसके बाद जबलपुर शहर के 4 थाना क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर कर्फ्यू लगा दिया गया है। कलेक्टर भरत यादव ने कानून व्यवस्था के मद्देनजर शनिवार को जिले के सभी स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

जबलपुर में सीएए और एनआरसी के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग करना पड़ा। जुमे की नमाज के बाद पुलिस ने रानी ताल इलाके, घमापुर चौक, भान तलैया, मंडी मदार टेकरी में सख्त सुरक्षा व्यवस्था रखी थी। गोहलपुर थाना क्षेत्र में 2 हजार से ज्यादा लोग सड़क पर उतर आए। गोहलपुर थाना के रद्दी चौकी के पास सीएए के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने रोका तो वह उग्र हो गए और पथराव शुरू कर दिया। इस अचानक पथराव से पुलिस के जवानों को सिर में चोटें आईं और कई अन्य जख्मी हो गए। इसके बाद पुलिस सख्ती करते हुए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठियां भी भांजकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। जबलपुर की सबसे बड़ी परेशानी तंग गालियां हैं जहां से लोग पथराव करके चले जाते हैं और पता नहीं चल पता के किस घर में घुस गए।

दोपहर बाद कुछ क्षेत्रों में हुए पथराव के बाद सतर्कता के बतौर शहर के चार थाना क्षेत्रों में गोहलपुर और हनुमानताल के पूरे थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं कोतवाली के मिलौनीगंज और आधारताल थाने के मोहरिया एवं आनंद नगर क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया है। कलेक्टर भरत यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमित सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र का लगातार भ्रमण कर रहे हैं। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जारी प्रदर्शन को लेकर जबलपुर प्रदेश का पहला जिला होगा, जहां कर्फ्यू लगाने की स्थिति निर्मित हो गई है। राजधानी के सूत्रों से जानकारी मिली है कि दो मंत्रियों को भोपाल से तत्काल जबलपुर रवाना कर दिया गया है। सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री लखन घनघोरिया एवं वित्त मंत्री तरुण भनोट भोपाल से विमान द्वारा जबलपुर रवाना हो चुके हैं। खबर की पुष्टि ADG इंटेलिजेंस sw नकवी ने की है। इंटेलिजेंस स्थिति पर पूरी तरह से नज़र रखे हुए है, तथा मुस्तैदी के कारण कोई भारी घटना न हो पायी।