TIO भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसके पहले सुबह सात बजे निवास से ड्यूटी पर तैनात महिला वाहन चालक, महिला पीएसओ, महिला एसडीएम के साथ बातचीत की। उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। इसके पश्चात मुख्यमंत्री का वाहन काफिला जिसमें सिर्फ महिला सुरक्षाकर्मी भी तैनात थीं, नेहरू नगर चौराहे की ओर रवाना हुआ। मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान यातायात का जिम्मा भी महिलाओं के हाथों में है। मुख्यमंत्री जिन सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे, उनका संचालन भी महिलाएं ही करेंगी। मंच पर भी उनकी भागीदारी रहेगी। इसके अलावा महिला संवाद, महिलाओं के विषय पर ग्रामसभा होगी। ग्रामसभा की अध्यक्षता वरिष्ठ महिला पंच करेंगी। मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिदिन किए जाने वाले पौधारोपण कार्यक्रम में भी महिलाएं रहेंगी। भोज कार्यक्रम में महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों से होगा। कुछ में सीएम के साथ पत्नी साधना सिंह भी साथ रहेंगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नेहरू नगर चौराहे पर महिला सफाई कामगारों के साथ चर्चा की। चाय पर हुई बातचीत में सीएम ने महिलाओं की समस्याओं की जानकारी ली। उनसे कहा महिलाएं अंतरिक्ष तक जा रही हैं। आज का दिन महिलाओं के लिए विशेष है। सीएम ने कहा कि महिला चाहे किसी भी वर्ग की हो, किसी भी क्षेत्र में काम करने वाली हो, सबसे महत्वपूर्ण चीज यदि उनके लिए है, तो वो है सम्मान।
महिलाओं के सम्मान की बात केवल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नहीं होना चाहिए, उनके प्रति सम्मान का भाव हमारे अंदर सदैव होना चाहिए। उन्होंने कहा, आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि इन सफाईकर्मी बहनों के कल्याण के लिए जो भी करना पड़े, मैं करूंगा। मुझे खुशी है कि मैंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अपनी सफाई कामगार बहनों के साथ सफाई कर दिन की शुरुआत की। शहर को स्वच्छ रखने वाली बहनों ने कहा कि उन्हें उचित सम्मान चाहिए। हम सबको समाज को ऐसा बनाना होगा, जहां बहन, बेटियां महसूस करें कि उनके लिए बराबरी का अवसर व सम्मान है।
सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर कार्यरत है। बेटियों को लाडली लक्ष्मी योजना का लाभ मिल रहा है। पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था है। सरकारी नौकरियों में भी महिलाओं का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है।
कोरोना काल में हालत बहुत बुरी थी
महिला सफाई कर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्धन किया। महिला सशक्तीकरण के पहलुओं पर बातचीत की और उनकी कठिनाइयों की जानकारी भी प्राप्त की। महिलाओं ने भी अपनी बातें और पीड़ा उनके सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने एक बात का जवाब देते हुए कहा कि कोरोना काल में हालत यह थी कि कोई आय नहीं थी। जैसे तैसे कर्जा लेकर घर चलाते हैं। मैंने कर्ज लेकर सरकार चलाई। तनख्वाह बांटने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने सुबह नेहरू नगर चौराहे पर चाय पर महिला स्वच्छता कर्मी शशि, प्रभा, सरोज, शकुन बाई, ललिता देवी और उषा बाई से बातचीत की।
पायलटिंग, सुरक्षा,प्रशासन और प्रचार ड्यूटी, सभी जगह महिला स्टाफ
CM की सुरक्षा में DSP बिट्टू शर्मा, TI योगिता सातनकर, रेनु मुराब, SI भावना शर्मा, निशा अहिरवार, कंचन राजपूत, रिचा त्रिपाठी मेघा गोहिया, मोनिका, रूपा मिश्रा ,अर्चना तिवारी, शैली थामस सोनम शर्मा गायत्री सिंह तैनात रहीं। सीएम का वाहन आर आई सुश्री इरशाद ने ड्राइव किया। महिला कांस्टेबल सपना और सीमा चंदावार के अलावा निवास पर सावित्री, बेबी चौरसिया,गीता दांगी और नगीना मालवीय ने ड्यूटी की। अन्य महिला पुलिस निरीक्षक में आकांक्षा शर्मा, अर्चना तिवारी पीएसओ मुख्यमंत्री के साथ ड्यूटी पर रहीं। वर्षा सिंह, अर्शिया सिद्दीकी, कल्पना गुर्जर और योगिता जैन SI भी ड्यूटी पर रहीं। आर्म्स गार्ड में महिला कांस्टेबल मीरा सिंह और सोनल पाराशर को जिम्मेदारी दी गई । जनसंपर्क टीम में सुनीता दुबे और बबीता मिश्रा कवरेज ड्यूटी की। CM के दौरे के समय ADM माया अवस्थी उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उप सचिव वंदना मेहरा ने OSD की ड्यूटी की।