मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर शीतलहर चलने की प्रबल संभावना

0
319

TIO भोपाल

पांच दिन से बिगड़े मौसम के मिजाज में कुछ तब्दीली आने लगी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब सीजन में पहली बार ठंड के तेवर काफी तीखे होने के आसार हैं। वर्तमान में अरब सागर, मध्यप्रदेश और राजस्थान पर बने सिस्टम भी बुधवार से कमजोर पड़ सकते हैं। हवा का रुख भी उत्तरी होने लगा है। इससे शुक्रवार से प्रदेश के कई स्थानों पर शीतलहर चलने की प्रबल संभावना बन गई है। इस दौरान कहीं-कहीं पाला पड़ने की भी आशंका है। उधर सुबह के समय राजधानी सहित कई शहरों में कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में अरब सागर पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। मध्य प्रदेश के मध्य में भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त राजस्थान और उससे लगे गुजरात पर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इन तीन सिस्टम के कारण आ रही नमी से अभी भी प्रदेश के पूर्वी इलाकों में बारिश हो रही है। हालांकि मंगलवार को हवा का रुख उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो जाने के कारण प्रदेश में तेजी से सिहरन बढ़ गई है और न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज होने लगी है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बुधवार को राजस्थान और मध्यप्रदेश पर बने सिस्टम कमजोर होने की संभावना है। इससे वातावरण में नमी कम होने लगेगी। इससे धूप निकलने के बाद मौसम साफ होने लगेगा। दिन का तापमान तो बढ़ने लगेगा, लेकिन आसपान साफ होते ही रात के तापमान में तेजी से गिरावट होने लगेगी।

आधा दिसंबर बीतने के बाद मैदानी इलाकों में सर्दी तेज हो गई। राजस्थान के 8 जिलों में 3 दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश में रातें और ठंडी होंगी। बिहार के कई इलाकों में घना कोहरा जारी रहेगा। गुजरात में 17 से 19 दिसंबर के बीच ठंड और बढ़ सकती है।

राजस्थान: 8 जिलों में शीतलहर की चेतावनी
माउंट आबू में बुधवार को तापमान 1.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार रात अचानक चली सर्द हवाओं से महज 3 घंटे के अंदर पारा 5 डिग्री लुढ़क गया। जयपुर समेत 11 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 8 जिलों के लिए शीतलहर की यलो वॉर्निंग जारी की है। उत्तरी हवाओं के असर से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और भरतपुर में 18 दिसंबर तक शीतलहर चलेगी। इससे अगले 3-4 दिनों में ठंड और बढ़ेगी।