सिंधु बॉर्डर पर किसानों और पुलिस में टकराव, आंसू गैस छोड़ी, पत्थर चले

0
204

नई दिल्ली TIO

कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे पंजाब और हरियाणा के किसान पुलिस की रोक से भड़क गए। गुरुवार को पंजाब से लेकर हरियाणा मेें जगह-जगह किसानों के संघर्ष के बाद शुक्रवार को भी उनका मार्च जारी है। किसानों पर आज भी आंसू गैस के गोले दागे गए लेकिन उनकी हिम्मत नहीं डिगी है। किसान हरियाणा होते हुए दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। दिल्ली को हरियाणा से जोड़ती सिंधु बॉर्डर पर हजारों किसान जमा हो गए हैं। पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई है। पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी है। इसके बाद किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधिकारियों से मिला। उनका कहना है कि किसानों को दिल्ली जाने दिया जाए। किसान पूरी तैयारी से आए हैं और 10 दिन तक वहां रुकने को तैयार हैं। किसानों ने हिंसा की धमकी भी दी है।


टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने किसानों पर की पानी की बौछारें और छोड़े आंसू गैस के गोले
दिल्ली की सीमाओं समेत नई दिल्ली जिले की सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को लगाया गया है। नई दिल्ली इलाके में भी किसी को नहीं जाने दिया जा रहा है। सिंघु, टिकरी और बहादुरगढ़ बॉर्डर पर ज्यादा दबाव पड़ने के चलते सीमा सील कर दी गई है। पुलिस ने दिल्ली-बहादुरगढ़ हाईवे के टिकरी बॉर्डर पर जमा किसानों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की हैं, आंसू गैस के गोले छोड़े।


किसानों ने फेंके रणदीप सुरजेवाला द्वारा बांटे गए कंबल
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला आज सुबह हरियाणा में प्रदर्शनरत किसानों से मिलने गए और उन्हें कंबल बांटा, लेकिन किसानों ने नाराज होकर उसे फेंक दिया और उन्हें भी वापस जाने के लिए कहा। किसानों का कहना है कि वह किसी भी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं लेना चाहते हैं।


छह मेट्रो स्टेशन के निकास और प्रवेश द्वार बंद
किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन को देखते हुए डीएमआरसी ने ग्रीन लाइन पर स्थित एनसीआर के कुछ स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का एलान किया है। डीएमआरसी ने बताया कि ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी, पंडित श्री राम शर्मा, टिकरी बॉर्डर, टिकरी कलां और घेवरा मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद रहेंगे।


अमृतसर से निकली एक और ट्रैक्टर रैली
हजारों की संख्या में जहां किसान पंजाब से दिल्ली बॉर्डर तक पहुंच चुके हैं वहीं पंजाब से किसान मजदूर संघर्ष कमेटी दिल्ली आने की तैयारी कर रही है। कमेटी के लोग अमृतसर से ट्रैक्टर रैली निकालकर दिल्ली की ओर जाएंगे। एक किसान ने बताया कि हमने एक महीने का खाने का सामान, बर्तन और पकाने के लिए गैस चूल्हा आदि सब अपनी ट्रॉली में रख लिया है और अब हम दिल्ली की ओर जा रहे हैं।


पुलिस ने दिल्ली सरकार से 9 स्टेडियम को अस्थायी जेल बनाने की मांगी अनुमति
दिल्ली पुलिस ने किसानों के आंदोलन को देखते हुए दिल्ली सरकार से नौ स्टेडियम को अस्थायी जेल बनाने की अनुमति मांगी है। यह इजाजत इसलिए मांगी गई है क्योंकि कोरोना का समय है और जब किसानों को गिरफ्तार किया जाएगा तो उन्हें एक जगह नहीं रखा जा सकता, ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में स्टेडियम को अस्थायी जेल बनाया जाएगा।