नई दिल्ली
कांग्रेस का आज 135वां स्थापना दिवस है। इस अवसर पर दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तिरंगा फहराया। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी, अहमद पटेल और कई अन्य नेता मौजूद थे।
पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि देश के लिए बलिदान कांग्रेस पार्टी के लिए सबसे ऊपर है। हमारी स्थापना के बाद से, स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान और आगे भी हमेशा सबसे पहले भारत है। स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी शनिवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में ‘संविधान बचाओ, भारत बचाओ’ के संदेश के साथ फ्लैग मार्च निकाल रही है।
कांग्रेस का ‘संविधान बचाओ, भारत बचाओ मार्च’ आज
पार्टी नागरिक संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में देश के सभी राज्यों की राजधानियों में आज स्थापना दिवस पर ‘संविधान बचाओ, भारत बचाओ मार्च’ का आयोजन करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी दिल्ली में, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी असम में और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश के कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। राहुल गांधी गुवाहाटी में एक सभा को संबोधित करेंगे।
दिल्ली में भारत बचाओ रैली को मिली सफलता के बाद विभिन्न राज्यों में ऐसे मार्च का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराना है। इस मार्च के दौरान कांग्रेस सीएए और छात्रों पर कथित तौर पर की गई पुलिस की कार्रवाई सहित आम लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को जोर-शोर से उठाएगी।
राहुल बोले- कार्यकर्ताओं के निस्वार्थ योगदान को स्वीकारते हैं
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि आज कांग्रेस का 135वां स्थापना दिवस है। मैं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय में ध्वजारोहण समारोह में हिस्सा लूंगा। इसके बाद गुवाहाटी में एक रैली को संबोधित करूंगा। स्थापना दिवस के दिन हम लाखों कांग्रेस पुरुषों और महिला कार्यकर्ताओ के निस्वार्थ योगदान को स्वीकार करते हैं।
स्थापना दिवस पर यूपी में होंगी प्रियंका
गुवाहाटी में जनसभा को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
फ्लैग मार्च निकालेगी कांग्रेस
नागरिकता संशोधन विधेयक, एनआरसी और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) के मुद्दों को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि जब जब भारत के संविधान को चुनौती दी जाएगी और देश को प्रगति के पथ से उतारने का प्रयास होगा तब तब कांग्रेस पुरजोर ढंग से आवाज उठाएगी।