आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मालवा में मांगेंगी वोट

0
578

रतलाम

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रही हैं। प्रदेश में उनका ये पहला दौरा है। प्रियंका महाकाल के दर्शन कर अपने दौरे की शुरूआत करेंगी। मालवा की 8 सीटों के लिए 19 मई को मतदान है। कांग्रेस की कोशिश बीजेपी के इस गढ़ को भेदने की है।

ये है शेड्यूल
प्रियंका गांधी सुबह 11.20 बजे दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 12.30 बजे इन्दौर पहुंचेंगी। इंदौर विमानतल पर मुख्यमंत्री कमलनाथ प्रियंका गांधी की अगवानी करेंगे। वहां से वो दोपहर 12.40 बजे रवाना होकर 1 बजे उज्जैन पहुंचेंगी। प्रियंका यहां पौने दो बजे बाबा महाकाल के दर्शन करेंगीं। उसके बाद वो उज्जैन में करीब एक घंटा रोड-शो करेंगी। उसके बाद प्रियंका चुनावी दौरे पर निकल पड़ेंगी। उज्जैन से वो रतलाम के लिए रवाना हो जाएंगी, जहां उनकी सभा है।

प्रियंका की दोपहर 3.30 बजे रतलाम में सभा होगी। सभा के बाद रतलाम से रवाना होकर शाम 4.10 बजे वो इंदौर पहुंचेंगी। यहां शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक उनका रोड शो है। प्रियंका शाम पौने सात बजे वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। इस पूरे दौरे में सीएम कमलनाथ भी प्रियंका के के साथ रहेंगे। प्रियंका के दिल्ली रवाना होने के बाद सीएम कमलनाथ भोपाल लौट आएंगे।