कोरोना: भारत में हर 200 मरीजों में से 3 की हालत गंभीर, क्रिटिकल केसों का परसेंटेज अमेरिका और ब्राजील से भी ज्यादा; देश में कुल 17.80 लाख केस

0
355

TIO, New Delhi

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 लाख 80 हजार 268 हो गई है। देश में अब एक्टिव केस की संख्या 5.76 लाख से ज्यादा है। इनमें से करीब 9 हजार मरीजों की हालत गंभीर है। इस मामले में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है। 18,720 क्रिटिकल मरीजों के साथ अमेरिका पहले नंबर पर और 8,318 मरीजों के साथ ब्राजील तीसरे नंबर पर है।

हालांकि, इन्हीं आंकड़ों को प्रतिशत में देखें तो भारत में सबसे ज्यादा 1.57% मरीजों की हालत गंभीर है। आसान भाषा में समझें तो भारत में अभी जिन मरीजों का इलाज चल रहा है, उनमें से हर 200 संक्रमितों में से 3 की हालत गंभीर है। अमेरिका में 200 मरीजों पर लगभग 2 मरीज और ब्राजील में 1 संक्रमित की हालत नाजुक है।

देश में शनिवार को 54 हजार 865 केस आए, तो 51 हजार 232 मरीज ठीक भी हो गए। 852 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में सिर्फ 2889 की बढ़ोतरी हुई। बीते एक महीने में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक्टिव केस इतने कम बढ़े। इससे पहले 2 जुलाई को 1570 एक्टिव केस बढ़े थे। संक्रमितों का आंकड़ा लगातार 3 दिन से 54 हजार से ज्यादा बढ़ रहा है।

अमित शाह भी कोरोना से संक्रमित

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। संक्रमित होने की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी।

कोरोना के हालत पर शाह लगातार निगरानी कर रहे हैं। बीते दिनों दिल्ली में जब मामले तेजी से बढ़ने लगे तब भी उन्होंने कई दौर की बैठकें कीं और इस पर ठोस रणनीति तैयार की। इससे हालात काबू में आए। लॉकडाउन और अनलॉक गाइडलाइंस तैयार करवाने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही है।

यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, जल मंत्री महेंद्र सिंह भी कोरोना पॉजिटिव

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। महेंद्र सिंह को पीजीआई अस्पताल लखनऊ में भर्ती किया गया है। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने खुद ट्वीट कर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुझे कोरोना के शुरुआती लक्षण दिख रहे थे जिसके चलते मैंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई। जांच में मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुझसे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से मेरा निवेदन है कि वह गाइडलाइन के अनुसार स्वयं को क्वारैंटाइन कर लें और आवश्यकता अनुसार अपनी जांच करा लें। बीते 3 दिन में 1 लाख 67 हजार 101 केस आए, 1 लाख 25 हजार 211 मरीज ठीक हुए, 2 हजार 402 लोगों की मौत हुई।

उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री की कोरोना से मौत

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कमल रानी की रविवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। 18 जुलाई को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। तब से ही लखनऊ पीजीआई में उनका इलाज चल रहा था। वे घाटमपुर, कानपुर नगर से विधायक थीं। इससे पहले वे 2 बार सांसद भी रही थीं। उनकी मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अयोध्या दौरा रद्द कर दिया है।

मध्य प्रदेश: राज्य में 24 घंटे में 808 संक्रमित बढ़े। यह लगातार चौथा दिन था जब 800 से ज्यादा केस आए। सबसे ज्यादा भोपाल में 168 मरीजों की कोराेना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद जबलपुर में 125 और इंदौर में 120 नए केस मिले। राज्य में अब तक 32,614 केस आ चुके हैं।