TIO
देश में कोरोना के कुल एक्टिव केस अभी 7 लाख 73 हजार 325 हैं। नए केस लगातार कम हो रहे हैं। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि साइंस एंड टेक्नोलॉजी मिनिस्ट्री ने दुनियाभर के वैज्ञानिकों से कोविड के मामलों का प्रिडिक्शन मॉडल तैयार करवाया है। उनकी रिसर्च में सामने आया है कि भारत में कोविड के मामलों में अगले 3-4 महीने तक गिरावट जारी रहेगी। फरवरी तक एक्टिव केस 40 हजार रह जाएंगे।
रविवार को 56 हजार 520 केस आए, 66 हजार 418 मरीज ठीक हुए और 581 की मौत हो गई। बीत दो महीने में नए केसों का दूसरा सबसे कम आंकड़ा है। इससे पहले 24 अगस्त को 59 हजार 696 केस आए थे। 12 अक्टूबर को 54 हजार 262 केस आए। बीते तीन महीने में छठी बार 60 हजार से कम केस आए हैं।
इससे पहले रविवार को सरकार की ओर से बनाई गई वैज्ञानिकों की नेशनल सुपरमॉडल समिति ने दावा किया कि देश में कोरोना का पीक सितंबर में ही आ चुका था और फरवरी 2021 में कोरोना खत्म हो जाएगा। इस समिति में आईआईटी हैदराबाद और आईआईटी कानपुर समेत कई नामी इंस्टीट्यूट्स के एक्सपर्ट्स शामिल हैं।
मध्यप्रदेश
राज्य में रविवार को 1030 लोग संक्रमित पाए गए। 1427 लोग रिकवर हुए और 20 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 60 हजार 188 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें 13 हजार 281 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 44 हजार 134 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 2773 मरीजों की मौत हो चुकी है।