कोरोना: स्मृति ईरानी कोरोना पॉजिटिव; देश में संक्रमितों का आंकड़ा 80 लाख के पार

0
195

TIO

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा- घोषणा करते समय शब्दों को ढूंढना मेरे लिए कठिन है; इसलिए यहां मैं आसान शब्दों में कह रही हूं- मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं, उनसे अपील है कि वे जल्द से जल्द खुद की जांच कराएं।

देश में अब तक कोरोना संक्रमण के 80 लाख से ज्यादा केस आ चुके हैं। एक्टिव केस भी 6 लाख 11 हजार हैं, जो 6 लाख से नीचे जा सकते हैं। इससे पहले मंगलवार को 43 हजार 34 केस आए, 58 हजार 428 मरीज ठीक हुए और 517 की मौत हो गई। अब तक 72 लाख 57 हजार 444 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 1 लाख 20 हजार 61 मरीजों की मौत हो चुकी है।

देश में कोरोना से अब तक 1 लाख 20 हजार मौतें हो चुकी हैं। बीते 25 दिनों से रोजाना औसतन 800 लोगों की मौत हो रही है। यह मौत की दूसरी सबसे धीमी रफ्तार है। पहली मौत से आंकड़ा 20 हजार तक पहुंचने में 115 दिन लगे थे, तब रोजाना औसतन 173 मरीज जान गंवा रहे थे। जो मौत की सबसे धीमी रफ्तार थी। इसमें सबसे ज्यादा तेजी 14 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच रही तब सिर्फ 18 दिन में मौत का आंकड़ा 80 हजार से 1 लाख पर पहुंच गया, यानी हर दिन 1111 लोगों ने जान गंवाई।

मध्यप्रदेश

राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 514 नए मरीज मिले, 1010 लोग रिकवर हुए और 8 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक यहां 1 लाख 68 हजार 483 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 2898 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1 लाख 55 हजार 232 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 353 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।