TIO नई दिल्ली
जयपुर में बुधवार को कोरोनावायरस का एक और केस सामने आया। यहां इटली के 16 नागरिकों और उनके ड्राइवर को मिलाकर अब तक 18 मामलों की पुष्टि हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, देश में संक्रमण के कुल 62 मामले हो गए हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 52 मामलों की पुष्टि की है। उधर, कर्नाटक के एक संदिग्ध मरीज की हैदराबाद के निजी अस्पताल में मौत हो गई। अगर उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो देश में इस बीमारी से मौत का यह पहला मामला होगा। वहीं, केरल में एक 85 साल की बुजुर्ग संक्रमित महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं, महिला के 96 साल के पति की हालत स्थिर है। वे एक कोरोनोवायरस से संक्रमित व्यक्ति के माता-पिता हैं, जो 29 फरवरी को अपनी पत्नी और 24 वर्षीय बेटे के साथ इटली से लौटे थे।
जानकारी के मुताबिक, संक्रमित मरीज को सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। व्यक्ति के साथ उसकी पत्नी और बेटे को भी आइसोलेशन में रखा गया है। ये परिवार स्पाइस जेट की फ्लाइट से जयपुर पहुंचा था। अब फ्लाइट के सभी यात्रियों को ट्रेस किया जा रहा है। साथ ही परिवार के बाकी लोगों की भी स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है।
एयर इंडिया के विमान से इटली से 83 नागरिकों को लाया गया
एयर इंडिया का विमान बुधवार को 83 नागरिकों को लेकर इटली के मिलान से नई दिल्ली पहुंचा। सभी यात्रियों को हरियाणा में मानेसर के सैन्य कैंप में निगरानी में रखा गया है। इनमें भारत के 74, इटली के 6 और अमेरिका के तीन नागरिक हैं।
फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के नागरिकों के देश में प्रवेश पर प्रतिबंध
सरकार ने वायरस के खतरे को देखते हुए फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के नागरिकों के देश में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इन तीनों दिशों से आने वाले उन नागरिकों के नियमित और ई-वीजा पर भी रोक लगा दी है, जिन्होंने देश में प्रवेश नहीं किया है। इमिग्रेशन ब्यूरो ने मंगलवार देर रात नोटिफिकेशन जारी कर ये जानकारी दी। इसके साथ ही जिन नागरिकों ने 1 फरवरी या उसके बाद स्पेन, जर्मनी और फ्रांस की यात्रा की है, उनका भी नियमित और ई-वीजा निलंबित किया गया है।
वुहान से लौटे 36 भारतीयों समेत 112 नागरिकों की 14 दिनों की क्वारैंटाइन खत्म हो गई। उन्हें दिल्ली के छावला स्थित आईटीबीपी केंद्र में निगरानी के लिए रखा गया था।
कोरोनावायरस से प्रभावित देशों में यात्रा से बचने की सलाह
कैबिनेट सचिव राजीव गॉबा ने मंगलवार को कई मंत्रालयों और विभागों के सचिवों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की, जिसके बाद यह नोटिफिकेशन जारी किया गया। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्रालय ने चीन, इटली, जर्मनी, दक्षिण कोरिया, फ्रांस , स्पेन समेत कोरोनावायरस से प्रभावित देशों में यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।
केरल में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 14 पर पहुंचा
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मंगलवार को कहा- राज्य में अब तक संक्रमण के 14 मामले सामने आ चुके हैं। इसके खतरे को देखते हुए सातवीं तक की कक्षाएं और परीक्षाएं 31 मार्च तक स्थगित रहेंगी। कक्षा 8, 9 और 10 की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी। 31 मार्च तक ट्यूशन क्लास, आंगनवाड़ी, मदरसे बंद कर दिए गए हैं। 11-31 मार्च तक थिएटर भी बंद रहेंगे।
31 मार्च तक विदेशी शिप की एंट्री बैन
- भारत ने 31 मार्च तक सभी विदेशी शिप की एंट्री बैन कर दी है। इसी के तहत मंगलौर में एक यूरोपियन कंपनी का जहाज वापस भेज दिया गया। रविवार को यूरोपियन कंपनी एमएससी क्रूज की शिप लिरिका को मंगलौर तट पर एंट्री नहीं दी गई। इस कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, यह दुनिया की सबसे बड़ी निजी क्रूज लाइन है। इसके दुनियाभर में 30 हजार से ज्यादा कर्मचारी हैं।
- स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सोमवार को कहा था- मास्क और सैनिटाइजर को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है। सभी को मास्क लगाने की जरूरत नहीं है। केवल जो अस्वस्थ है, उसे मास्क पहनना जरूरी है ताकि किसी और को इन्फेक्शन न हो।
संक्रमण की जांच के लिए देश में 52 लैब
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने स्वास्थ्य और शोध विभाग के साथ मिलकर संक्रमण की जांच के लिए देशभर में 52 लैब बनाई हैं। दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज समेत देश के कई स्थानों पर वायरस रिसर्च एंड डॉयग्नॉस्टिक लैब (वीआरडी) नमूने एकत्रित कर रही हैं। 6 मार्च तक 3,404 लोगों के 4,058 सैंपल की जांच की जा चुकी है। इनमें चीन के वुहान से लाए गए 654 लोगों के 1,308 सैंपल भी शामिल हैं।