कोरोना: देश में 87% संक्रमित इलाज के बाद ठीक हो चुके, 11.69% मरीजों का अभी इलाज चल रहा; डेथ रेट गिरकर 1.53% हुआ; अब तक 71.77 लाख केस

0
274

TIO, New Delhi

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि अब तक मिले कुल मरीजों में 87% लोग ठीक हो चुके हैं। 11.69% एक्टिव केस हैं। मतलब ऐसे मरीज जिनका अभी इलाज चल रहा है। ये या तो अस्पताल में भर्ती हैं या घर में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। सबसे ज्यादा 25% एक्टिव केस महाराष्ट्र, 13% कर्नाटक और 11% केरल में हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव संक्रमण के चलते अब तक 1.53% लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात है कि डेथ रेट में पिछले 1 महीने से लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अब तक जान गंवाने वालों में 70% लोग पुरुष और 30% महिलाएं थीं। इनमें भी सबसे ज्यादा ऐसे मरीजों की मौत हुई है जो पहले से अन्य रोग से ग्रसित थे।

अब तक 71.77 लाख केस
देश में अब तक 71 लाख 77 हजार 783 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 62 लाख 27 हजार 21 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 39 हजार 750 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 9 हजार 917 मरीजों की मौत हो चुकी है।

नए साल में एक ज्यादा वैक्सीन मिलने की उम्मीद : डॉ. हर्षवर्धन
देश के लिए अच्छी खबर है। कोरोना वैक्सीन पर तेजी से काम हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मंगलवार को कहा कि उम्मीद है कि जैसे ही नया साल शुरू होगा, देश में कोरोना की वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी, वह भी एक से ज्यादा सोर्स के जरिए। देशभर में इसके डिस्ट्रीब्यूशन की प्लानिंग पर काम शुरू हो गया है। उम्मीद है कि जुलाई 2021 तक हम देश में वैक्सीन के 40-50 करोड़ डोज मुहैया कराकर देश के 20-25 करोड़ लोगों को वैक्सीन दे सकेंगे।

देश में पिछले दो हफ्तों में 10 लाख मामले बढ़े हैं। हालांकि, 24 घंटे में सामने आने वाले संक्रमितों की औसत संख्या अब 72 से 74 हजार के बीच हो गई है। दो हफ्ते पहले हर दिन 90 हजार से ज्यादा मामले सामने आते थे।

मोदी बोले- जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं

महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा- ‘जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के मामले में लापरवाही न बरती जाए।’ मोदी ने डॉ. बालासाहेब विखे पाटिल की बायोग्राफी रिलीज होने के मौके पर यह बात कही।

मध्यप्रदेश

बीते 24 घंटे में राज्य में संक्रमण के 1478 मामले सामने आए। 1702 लोग डिस्चार्ज किए गए और 21 मरीजों की मौत हो गई। अब तक1 लाख 48 हजार 298 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 14 हजार 932 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 1 लाख 30 हजार 721 लोग अब तक रिकवर हो चुके हैं, जबकि 2645 मरीजों की मौत हो चुकी है।