TIO
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। अगले साल यानी 2021 में 10वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स बगैर परीक्षा दिए पास कर दिए जाएंगे। स्टेट एजुकेशन डिपार्टमेंट ने इसके लिए आदेश भी जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी छात्रों को जस्ट पास माना जाएगा। नवंबर के आखिरी हफ्ते तक स्कूल खोलने पर फैसला लिया जा सकता है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने लोगों के जमावड़े और ट्रांसपोर्ट से जुड़ी पाबंदियों में ढील देने पर केजरीवाल सरकार को फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा- दिल्ली में संक्रमण की रफ्तार बेकाबू हो चुकी है। सरकार के पास इससे निपटने के लिए कोई रणनीति है या नहीं? अदालत ने सरकार से पिछले दो हफ्ते में कोरोना की रोकथाम के लिए किए गए उपायों पर स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी।
हाईकोर्ट ने बुधवार को कहा कि राजधानी में कोरोना केस लगातार बढ़ रहे हैं। सीरो सर्वे के नतीजे दिखाते हैं कि दिल्ली में हर चौथा इंसान संक्रमित हो चुका है। शहरी राज्य दिल्ली संक्रमण के मामले में केरल और महाराष्ट्र को पीछे छोड़ रहा है। दूसरे राज्य पाबंदियां बढ़ा रहे हैं, लेकिन दिल्ली सरकार तमाम सावधानियों को हवा में उड़ाते हुए नियमों में ढील दे रही है।
अब तक 86.36 लाख केस
देश में अब तक 86 लाख 36 हजार 974 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4 लाख 95 हजार 620 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 80 लाख 11 हजार 844 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते जान गंवाने वालों का आंकड़ा अब 1 लाख 27 हजार 630 हो गया है।
देश में तेजी से घटे एक्टिव केस
देश में कोरोना के आंकड़ों ने मंगलवार को बड़ी राहत दी। एक दिन में ही 10 हजार 457 एक्टिव केस कम हो गए। इसके साथ ही इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा पांच लाख से नीचे आ गया। हालांकि, इसे छह लाख से पांच लाख होने में 12 दिन लगे, जो पिछले एक लाख केस कम होने के मुकाबले पांच दिन ज्यादा है।
17 सितंबर को एक्टिव केस सबसे ज्यादा 10.17 लाख थे, इसके बाद से इसमें लगातार गिरावट आ रही है। 21 सितंबर को 9.75 लाख एक्टिव केस थे। ये 8 अक्टूबर को 8.93 लाख हो गए। करीब एक लाख का यह फासला कम होने में सबसे ज्यादा 17 दिन लगे। देश में मंगलवार को 44 हजार 724 नए मरीज मिले, 54 हजार 639 संक्रमित ठीक हुए और 511 की मौत हो गई।