TIO, New Delhi
कोरोना के एक्टिव केस के मामले में भारत अब 5वें नंबर पर पहुंच गया है। यहां 4 लाख 63 हजार 871 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। ये कुल संक्रमितों का 5.26% हिस्सा है। बाकी 93.26% लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.47% मरीजों की मौत हो चुकी है। दुनिया में सबसे ज्यादा एक्टिव केस अमेरिका में हैं। यहां 41.78 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। इस मामले में फ्रांस दूसरे, इटली तीसरे और बेल्जियम अब चौथे स्थान पर है। बेल्जियम पहले 5वें नंबर पर था। सबसे स्लो रिकवरी बेल्जियम में हो रही है। यहां अब तक 6.14% लोग ही ठीक हो पाए हैं। फ्रांस में भी अब तक केवल 7.05% लोग ही रिकवर हो सके हैं।
भारतीय फार्मा कंपनी भारत बायोटेक ने ”को-वैक्सीन” के फेज-3 ट्रायल का ऐलान कर दिया। भारत बायोटेक के मुताबिक, वैक्सीन के ट्रायल के लिए देशभर से 26 हजार वॉलंटियर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है। ये देश में कोविड-19 का सबसे बड़ा ट्रायल होगा।
देश में कोरोना के केस में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को सिर्फ 30 हजार 681 केस आए। यह 14 जुलाई के बाद सबसे कम आंकड़ा है। तब 29 हजार 917 केस आए थे। बीते 24 घंटे में 44 हजार 111 मरीज ठीक भी हुए हैं। 434 संक्रमितों की मौत हो गई। इस तरह 13 हजार 882 एक्टिव केस कम हो गए।
मध्यप्रदेश: रविवार को राज्य में 870 नए मरीज मिले। 722 लोग रिकवर हुए और 7 की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 83 हजार 927 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9146 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 71 हजार 691 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से 3090 मरीजों की मौत हो चुकी है।