कोरोना : देश में संक्रमितों की संख्या 45 लाख के पार

0
273

TIO

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 45 लाख के पार हो चुकी है। अब तक 45 लाख 14 हजार 649 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 35 लाख 7 हजार 454 लोग ठीक भी हो चुके हैं। वहीं, 75 हजार 575 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में गुरुवार को 51 हजार से ज्यादा मामले मिल चुके हैं। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने ऑक्सफोर्ड और एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन का ट्रायल रोक दिया है। ब्रिटेन में ट्रायल रुकने के बाद ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने बुधवार को पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट से ट्रायल न रोकने की वजह पूछी और कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

दरअसल, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और लंदन की फार्मा कंपनी एस्ट्राजेनेका कोरोना वैक्सीन बना रही हैं। इसका ट्रायल भारत समेत कई देशों में चल रहा है। दो दिन पहले एक व्यक्ति के बीमार होने की वजह ब्रिटेन में उन्होंने अपने ट्रायल को रोक दिया। यह व्यक्ति इस ट्रायल में शामिल था।

सीरम इंस्टीट्यूट ने कहा, ‘हम स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं और एस्ट्राजेनेका के ट्रायल शुरू करने तक भारत में ट्रायल रोक रहे हैं। हम ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया के निर्देशों का पालन कर रहे हैं।’

मध्यप्रदेश: राज्य के अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत हो गई है। देवास, जबलपुर, ग्वालियर, शिवपुरी समेत कई जिलों में मंगलवार-बुधवार को यह दिक्कत आई है। देवास के अमलतास अस्पताल में कोरोना मरीज 7 घंटे तक ऑक्सीजन के लिए परेशान रहे। यह परेशानी इसलिए आई, क्योंकि छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र ने सप्लाई रोक दी। राज्य में अभी कोविड के एक्टिव केस 17 हजार 700 से ज्यादा हैं। इनमें से 20% मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत है। महाराष्ट्र से सप्लाई रोक दिए जाने के बाद एकाएक किल्लत बढ़ गई। अस्पतालों में जुलाई में हर दिन 40 टन तो अगस्त में 90 टन ऑक्सीजन लगी। उधर, इंदौर में लगातार केस बढ़ने के बाद व्यापारियों ने वीकेंड यानी शनिवार को 5 और रविवार को शाम 6 बजे दुकानें बंद करने का फैसला किया है।