TIO, New Delhi
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। दास ने लिखा, ”मैं कोरोना संक्रमित पाया गया हूं। एसिंप्टोमैटिक हूं। पूरी तरह स्वस्थ्य महसूस कर रहा हूं। मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अनुरोध है कि वह सावधानी बरतें। मैं आइसोलेशन में रहकर कुछ दिन काम जारी रखूंगा। RBI के काम पहले ही तरह सामान्य तरीके से होंगे। मैं अपने सभी डिप्टी गवर्नर और अन्य अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व टेलीफोन के माध्यम से जुड़ा रहूंगा।”
पिछले दो हफ्तों की तुलना में 70 हजार कम मरीज मिले
कोरोना के इलाज करा रहे मरीजों की संख्या अब 6.68 लाख हो गई है। बीते दो हफ्तों की तुलना करें तो इस बार 70 हजार कम मरीज मिले। 11 से 17 अक्टूबर के बीच जहां 3 लाख 71 हजार 163 केस आए थे, तो 18 से 24 अक्टूबर के बीच यह संख्या 4 लाख 41 हजार 217 रही। इस हफ्ते 4 लाख 81 हजार 324 मरीज ठीक हो गए, यह संख्या इससे पहले वाले हफ्ते से 38 हजार 210 कम है।
कम मरीज ठीक होने के बावजूद एक्टिव मरीजों की संख्या में और सुधार हुआ है। 11 से 17 अक्टूबर के बीच जहां 84 हजार 147 एक्टिव केस कम हुए थे, वहीं 18 से 24 अक्टूबर के बीच 1 लाख 14 हजार 790 एक्टिव केस कम हुए।
मरीजों का आंकड़ा 78.68 लाख हुआ
शनिवार को देश में 50 हजार 224 केस आए, 62 हजार 154 मरीज ठीक हो गए, जबकि 575 मरीजों की मौत हो गई। एक्टिव केस में 12 हजार 528 की कमी आई। देश में अब तक 78.68 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 70.75 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.18 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है।
मध्य प्रदेश
राज्य में संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 2875 हो गया है। पिछले 24 घंटे में 20 मरीजों की मौत हुई। 1004 नए केस मिले और 1268 लोग रिकवर हुए। अब तक 1 लाख 66 हजार 298 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें 11 हजार 477 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 51 हजार 946 लोग ठीक हो चुके हैं।