कोरोना: केंद्र ने कहा- त्योहारों में लापरवाही के नतीजे दिखेंगे; 4 राज्यों में सार्वजनिक जगहों पर नहीं होगी छठ पूजा

0
141

TIO, New Delhi

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि त्योहारों के दौरान देशभर में लोगों ने काफी लापरवाही बरती है। इसके नतीजे अब देखने को मिलेंगे। मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने कहा कि अभी मरीजों के आंकड़े कम हुए हैं, लेकिन अगले दो हफ्ते काफी अहम है। इसी दौरान कोरोना के केस घटने की बजाय बढ़ सकते हैं।

मंत्रालय ने दिल्ली में केस बढ़ने और मौतों की संख्या में हुए इजाफा पर भी चिंता जताई। कहा कि केस बढ़ने का कारण टेस्टिंग की संख्या स्थिर होना है। जून में औसतन 50-57 हजार टेस्ट दिल्ली में होते थे। इसके बाद टेस्टिंग दर बढ़ने की बजाय स्थिर हो गया। इस बीच, बड़ी संख्या में लोग ट्रेस नहीं हो पाए और कोरोना फैलते रहा। अब केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार से टेस्टिंग बढ़ाने को कहा है। हर दिन 1 लाख से 1.20 लाख टेस्ट होंगे।

स्वास्थ्य मंत्रालय और ICMR ने क्या कहा?

  • दिल्ली में अब 3500 ICU बेड्स उपलब्ध हैं। इसे अगले कुछ दिनों में 6 हजार करना है। दो दिनों के अंदर 537 नए ICU बेड्स सरदार पटेल कोविड हॉस्पिटल में तैयार किए गए हैं।
  • सीरम इंस्टीट्यूट का वैक्सीन तीसरे फेज के ट्रायल में है। अभी कुल 5 वैक्सीन ट्रायल फेज में हैं। इनमें 2 का फाइनल ट्रायल शुरू हो गया है।
  • देश में रिकवरी रेट 93% हो गया है। पिछले हफ्ते हर दिन औसतन 46,700 लोग ठीक हुए। औसतन 40 हजार 300 नए केस सामने आए।
  • अब तक 12 करोड़ 65 लाख टेस्ट हो चुके हैं।
  • देश में ओवरऑल 7.0% की दर से केस मिले। अब डेली पॉजिटिविटी रेट 4.1% है।
  • पिछले हफ्ते हर 10 लाख की आबादी में 211 नए केस मिले। ये आंकड़ा अन्य देशों के मुकाबले काफी कम है।

कई राज्यों ने छठ पूजा पर रोक लगाई

कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों ने सार्वजनिक छठ पूजा पर रोक लगा दी है। इनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और महाराष्ट्र शामिल हैं। राज्य सरकारों ने कहा है कि छठ पूजा के दिन कोई भी सार्वजनिक नदियों, तालाबों पर पूजा नहीं कर सकता है।

आदेश के मुताबिक, श्रद्धालु अपने घर में ही पूजा कर सकते हैं। उधर, झारखंड सरकार ने भारी विरोध के चलते छठ पूजा पर लगी रोक हटा ली है। सोमवार को ही आदेश जारी कर हेमंत सोरेन सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा करने पर रोक लगाई थी।

मरीजों का आंकड़ा 89 लाख के पार
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 89 लाख के पार हो गया है। अब तक 89 लाख 8 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4 लाख 48 हजार 433 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 83 लाख 18 हजार 778 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 30 हजार 797 हो गई है।

दो दिन में 25 हजार एक्टिव केस घटे

एक्टिव केस में भी एक बार फिर से तेज गिरावट शुरू हो गई है। पिछले 2 दिनों में एक्टिव मरीजों की संख्या 25 हजार 944 घटी है। इस मामले में भारत एक पायदान नीचे खिसककर 5वें नंबर पर पहुंच गया है। अब सबसे ज्यादा एक्टिव केस के मामले में बेल्जियम चौथे नंबर पर है।

दिल्ली
राज्य में सोमवार को 3797 नए मरीज मिले। 3560 लोग रिकवर हुए और 99 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 4 लाख 89 हजार 202 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 40 हजार 128 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 41 हजार 361 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 7 हजार 713 मरीजों की मौत हो चुकी है।

मध्यप्रदेश
राज्य में सोमवार को 597 नए मरीज मिले। 745 लोग रिकवर हुए और 2 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 84 हजार 524 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8 हजार 996 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 72 हजार 436 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 3 हजार 92 मरीजों की मौत हो चुकी है।