कोरोना देश में: कम हुआ पॉजिटिविटी रेट, अब तक 77.56 लाख केस

0
291

TIO

हम सभी के लिए अच्छी खबर है। देश में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट यानी मरीजों के बढ़ने की रफ्तार लगातार घट रही है। पिछले 5 दिन में ये 6.37% से घटकर 3.82% पर पहुंच गई है। 24 घंटे में 14.69 लाख लोगों की जांच हुई। इनमें 3.82% लोग पॉजिटिव पाए गए, जबकि बाकी सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।

उधर, देश में टेस्टिंग का आंकड़ा 10 करोड़ के करीब पहुंच गया है। अब तक 9.90 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 77 लाख 56 हजार 206 लोग संक्रमित पाए गए हैं। अभी 6 लाख 96 हजार 390 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है, जबकि 69 लाख 41 हजार 238 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते 1 लाख 17 हजार 277 लोगों की मौत हो चुकी है।

दुनिया के कई देशों में मरने वालों की रफ्तार फिर बढ़ी

इधर, दुनिया के कई देशों में कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही मौत की रफ्तार भी इन देशों में तेज हो गई है। राहत की बात है कि भारत में इसके उलट मौत की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। हर दिन अभी यहां औसतन 700-800 लोग संक्रमण के चलते जान गंवा रहे हैं। अगस्त-सितंबर में यही आंकड़ा 1 हजार से 1100 तक पहुंच गया था।

आंकड़ों पर नजर डालें तो यूएस में अगस्त-सितंबर माह में हर दिन जान गंवाने वालों की संख्या घटकर 400-600 हो गई थी। जो एक बार फिर से बढ़कर 700-800 हो गई है। इसी तरह स्पेन में 50-100 मरीज जान गंवा रहे थे जो जहां अब 150 से 290 तक मौतें होने लगी हैं। भारत में अब तक 1.16 लाख से ज्यादा मौतें हुईं हैं। बीते 24 घंटे में 703 लोगों की जान गई है।

आंध्र प्रदेश में रिकवरी रेट 95% से ज्यादा

आंकड़ों पर नजर डालें तो देश के टॉप-5 संक्रमित राज्यों में 85% से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। सबसे ज्यादा आंध्र प्रदेश में 95.09%, तमिलनाडु में 93.15% और उत्तर प्रदेश में 91.91% मरीज रिकवर हो चुके हैं। महाराष्ट्र में 86.50% और कर्नाटक में 85.25% लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। देश का औसत रिकवरी रेट 88.82% हो गया है।

 मध्यप्रदेश

राज्य में पिछले 24 घंटे में 1118 नए मरीज मिले और 1222 लोग रिकवर हुए। 17 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। अब तक 1 लाख 63 हजार 296 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें 12 हजार 386 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 48 हजार 82 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते 2828 मरीजों की मौत हो चुकी है।