TIO, नई दिल्ली
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 11 हजार 921 हो गई है। बुधवार को महाराष्ट्र में 117 नए मरीज मिले, इनमें से 66 मुंबई और 44 पुणे के हैं। वहीं, गुजरात में 56, मध्यप्रदेश के इंदौर में 117, राजस्थान में 41 और बंगाल में 23 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। यह आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंदीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- बुधवार शाम 5 बजे तक देश में 11 हजार 933 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 10 हजार 197 का इलाज चल रहा है। 1 हजार 343 लोग ठीक हो चुके हैं और 392 की मौत हुई है।
इस बीच, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का टेस्ट निगेटिव रहा। उनसे मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला ने मुलाकात की थी। रूपाणी के सचिव ने बताया कि अब मुख्यमंत्री सेल्फ आइसोलेशन में रहेंगे और घर से ही कामकाज संभालेंगे।
अगले 2-3 हफ्ते देश के लिए बेहद अहम
इधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बुधवार को कहा कि कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में अगले 2-3 हफ्ते बहुत अहम होंगे। खासतौर पर भारत में। उन्होंने कहा कि देश में 400 ऐसे जिले हैं, जहां कोविड-19 नहीं पहुंचा है। फिलहाल हम यह पता करने में कामयाब रहे हैं कि वायरस कहां तक फैला है।
लगातार दो दिन कोरोना के 1 हजार से ज्यादा नए मामले
इससे पहले, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार सुबह बताया कि बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 1 हजार 76 नए मामले सामने आए। इससे पहले 13 अप्रैल को 1 हजार 242, 10 अप्रैल को 871 और 11 अप्रैल को 854 मरीज मिले थे। स्वास्थ्य मंत्रालय हर दिन सुबह-शाम पिछले 24 घंटे के आंकड़े जारी करता है। वहीं, covid19india.org हर सुबह से काउंटिंग शुरू करती है। इस कोरोना ट्रैकर के मुताबिक, मंगलवार सुबह से रात तक 1 हजार 33 नए मरीज मिले। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि उसे अब तक 23 लाख टेस्टिंग किट मिल चुकी हैं।
कोरोना अपडेट
– देश में फंसे अपने 180 नागरिकों की वापसी के लिए पाकिस्तान उच्चायोग ने भारत सरकार से संपर्क किया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इन लोगों की वापसी के लिए विदेश मंत्रालय पाकिस्तानी एजेंसियों के सम्पर्क में है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में कोरोना संक्रमण को लेकर 3 कैटेगरी हॉटस्पॉट, नॉन हॉटस्पॉट और ग्रीन जोन बनाई गई हैं। मंगलवार तक 170 जिले ऐसे मिले हैं, जो हॉटस्पॉट घोषित किए गए। 207 अन्य जिले अभी हॉटस्पाट नहीं हैं, लेकिन इनमें संक्रमण के मामले बढ़ने की आशंका है। मामलों की संख्या के हिसाब से राज्यों को पीपीई किट मुहैया करा रहे हैं। कुल 73 लाख टेस्टिंग किट खरीदने को मंजूरी दी गई है, इनमें से 23 लाख मिल चुकी हैं।
– वहीं, आईसीएमआर ने कहा कि चीन में हुई खोज में ऐसी बात सामने आई थी कि चमगादड़ों में म्यूटेशन के कारण कोरोनावायरस पनपा है। फिर पैंगोलिन में पहुंचा और यहां से वायरस इंसान के अंदर आया। हमने भी दावे की पड़ताल की, जिसमें 2 प्रकार की चमगादड़ों में कोरोनावायरस मिला है, लेकिन यह इंसान को नुकसान पहुंचाने के काबिल नहीं था। यह बहुत दुर्लभ है कि 1 हजार साल में वायरस चमगादड़ों से इंसान तक पहुंचता है।
– रेल मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना के खिलाफ लड़ाई में रेलवे अप्रैल तक 30 हजार पीपीई किट तैयार करेगा। इसके बाद मई तक 1 लाख किट मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है।
बंगाल में लॉकडाउन लागू कराने पैरा मिलिट्री लगाएं: गवर्नर
राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कहा कि बंगाल में ममता सरकार 100% लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने में नाकाम रही हैं। इसलिए सरकार को यहां पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात करनी चाहिए। ताकि कोरोना के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिल सके।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
दिन | मामले |
13 अप्रैल | 1242 |
14 अप्रैल | 1033 |
10 अप्रैल | 871 |
11 अप्रैल | 854 |
09 अप्रैल | 813 |
27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस अब तक देश के 27 राज्यों में पैर पसार चुका है। वहीं, देश के 7 केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में भी यह संक्रमण पहुंच चुका है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, दादरा एवं नगर हवेली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
राज्य | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
महाराष्ट्र | 2801 | 178 | 259 |
तमिलनाडु | 1204 | 12 | 81 |
दिल्ली | 1561 | 30 | 31 |
तेलंगाना | 644 | 18 | 110 |
राजस्थान | 1046 | 11 | 147 |
मध्यप्रदेश | 858 | 53 | 64 |
उत्तरप्रदेश | 727 | 8 | 55 |
आंध्रप्रदेश | 502 | 11 | 16 |
केरल | 387 | 3 | 211 |
गुजरात | 699 | 30 | 59 |
कर्नाटक | 279 | 11 | 75 |
जम्मू-कश्मीर | 278 | 4 | 30 |
हरियाणा | 204 | 4 | 56 |
पंजाब | 186 | 13 | 27 |
पश्चिम बंगाल | 213 | 7 | 37 |
बिहार | 70 | 1 | 29 |
ओडिशा | 60 | 1 | 13 |
उत्तराखंड | 37 | 0 | 9 |
असम | 31 | 1 | 0 |
हिमाचल प्रदेश | 32 | 2 | 12 |
चंडीगढ़ | 21 | 2 | 7 |
छत्तीसगढ़ | 33 | 0 | 10 |
लद्दाख | 17 | 0 | 12 |
झारखंड | 27 | 2 | 0 |
अंडमान-निकोबार | 11 | 0 | 10 |
गोवा | 7 | 0 | 5 |
पुडुचेरी | 7 | 0 | 1 |
मणिपुर | 2 | 0 | 1 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
दादरा एवं नगर हवेली | 1 | 0 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
त्रिपुरा | 2 | 0 | 0 |
नगालैंड | 1 | 0 | 0 |
मेघालय | 1 | 0 | 0 |
*यह आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंदीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- बुधवार शाम 5 बजे तक देश में 11 हजार 933 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 10 हजार 197 का इलाज चल रहा है। 1 हजार 343 लोग ठीक हो चुके हैं और 392 की मौत हुई है।
8 राज्यों का हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 858: इंदौर में बुधवार को 117 मामले सामने आए। मंगलवार को यहां 206 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब शहर में मरीजों की संख्या बढ़कर 686 पर पहुंच गई। भोपाल में 2 साल की बच्ची समेत 16 नए संक्रमित मिले, अब यहां 160 मरीज हैं। राजधानी में कोरोना से 5वीं मौत हुई।
- महाराष्ट्र, संक्रमित- 2801: बुधवार को एक अस्पताल के 10 और स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित मिले। अब तक कोरोना की चपेट में आए 35 कर्मचारियों का इलाज अस्पताल खुद करा रहा है। धारावी में 5 नए मरीज मिलने से यहां संक्रमितों की संख्या 60 हो गई, धारावी में 7 लोगों की जान गई है। पुणे में भी 44 नए मरीज मिले हैं। मुंबई में अफवाह फैलाने के आरोप में विनय दुबे नाम के व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मुंबई में मंगलवार को संक्रमण के 350 मामले सामने आए।
- गुजरात, संक्रमित- 699: बुधवार को राज्य में 56 नए केस आए। राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 42 मामले अहमदाबाद से, 6 सूरत से ,तीन-तीन मामले वडोदरा और पंचमहल और बोटाड और खेडा से एक-एक मामले सामने आए। अहमदाबाद में पॉजिटिव केस की संख्या 404 और वडोदरा में 116 हो गई। वहीं बोटाड और खेडा में आज पहली बार पॉजिटिव केस मिले। सूरत ग्रामीण पुलिस ने मांडवी इलाके में जागरूकता अभियान चलाया।
- राजस्थान, संक्रमित- 1046: बुधवार को यहां 41 नए मरीज मिले। इससे पहले यहां मंगलवार को संक्रमण के 108 मामले सामने आए। इनमें जयपुर के 83 मरीजों के अलावा जोधपुर में 13, कोटा में 8, झालावाड़ में 2 और झुंझुनूं व जैसलमेर में 1-1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राज्य में इस बीमारी के सबसे ज्यादा 453 मरीज जयपुर में ही हैं। इसके बाद जोधपुर में 82, जबकि टोंक और बांसवाड़ा में 59-59 संक्रमित हैं।
- उत्तर प्रदेश, संक्रमित-806: बुधवार को राज्य में 45 नए मरीज सामने आए। मंगलवार को 806 लोगों का सैंपल लिया गया था। लखनऊ के किंग जॉर्ज अस्पताल में हुई टेस्टिंग में 45 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
- बिहार, संक्रमित-70: बुधवार को राज्य में 4 संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। 4 जिलों में कोरोना मरीजों की पहचान करने के लिए घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की शुरुआत की गई। इस बीच समस्तीपुर में टूरिस्ट विजा पर भारत आए 9 बांग्लोदशी नागरिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वे तब्लीगी जमात के लिए यहां पर लोगों को धार्मिक उपदेश देने आए थे। इन्हें किराए पर रखने वाले मकान मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
- आंध्रप्रदेश, संक्रमित- 502: राज्य में बुधवार को 19 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें 8 पश्चिम गोदावरी,6 कुरनूर, 4 गुंटूर और 1 केस कृष्णा जिले से सामने आया। अब यहां संक्रमितों की संख्या 502 हो गई है। अब तक 16 मरीज ठीक हुए हैं और 11 की मौत हुई है।
- कर्नाटक, संक्रमित- 277: कर्नाटक में बुधवार को 17 नए संक्रमित मिले। राज्य सरकार के मुताबिक, इनमें से 9 मैसुरु की एक फार्मा कंपनी में काम करते थे। राज्य में 75 लोग ठीक हुए हैं और 11 मौतें हुई हैं।इस बीच चिकबल्लापुर के एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने बुधवार को दम तोड़ दिया। उसे तबीयत बिगड़ने के बाद बेंगलुरु के अस्पताल रेफर किया गया था। मृतक को डायबटीज और हाइपरटेंशन जैसी समस्याएं भी थी।
लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा, 20 अप्रैल तक हर जिले का असेसमेंट होगा
काेरोना संकट के बीच लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा चुका है। इसके साथ ही केंद्र सरकार राज्यों के प्रशासनिक अमले के प्रति और सख्त होने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 20 अप्रैल तक देश के सभी शहर और जिलों का असेसमेंट होगा। इसमें देखा जाएगा कि उन्होंने कोरोना से निपटने के लिए किस तरह काम किया है। इसका सही ढंग से पालन करने वाले को सहूलियत दी जाएंगी। जहां ठीक से पालन नहीं हुआ, वहां सहूलियत नहीं दी जाएंगी।