कोरोना: देश में मरीजों का आंकड़ा 37 लाख के पार, अब तक 65 हजार से ज्यादा मौतें

0
277

देश में मंगलवार को कोरोना मरीजों का आंकड़ा 37 लाख के पार हो गया। अब तक 37 लाख 32 हजार 227 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राहत की बात यह है कि इनमें 28 लाख 71 हजार 551 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 7 लाख 94 हजार 197 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 65 हजार 905 मरीजों की मौत हो चुकी है।

इस बीच, हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी यूनिवर्सिटी के ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन फाइनल ईयर एग्जाम का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक फाइनल ईयर और फाइनल सेमेस्टर के एग्जाम सितंबर के आखिरी हफ्ते में हो जाएंगे। 31 अक्टूबर तक रिजल्ट भी जारी हो जाएगा।

उधर, कर्नाटक में पंचायती राज मंत्री के. एस. ईश्वरप्पा भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके पहले मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, स्वास्थ्य मंत्री समेत तीन अन्य मंत्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।

देश में मृत्यु दर में 0.22% की गिरावट

देश में मरने वालों की संख्या भले ही बढ़ रही हो लेकिन संक्रमित फैलने के मुकाबले मृत्यु दर में लगातार गिरावट हो रही है। देश में मृत्यु दर अब 1.77% हो गई है। इसमें तीन दिनों के अंदर 0.22% की कमी देखी गई है। राज्यों के आंकड़ों के अनुसार, मृत्यु दर देखें तो महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 3.1% है।

इसके अलावा संक्रमण के टॉप-10 राज्यों में सात राज्य भी ऐसे हैं जहां 2% से कम मृत्यु दर है। इनमें तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार और असम शामिल हैं।

संक्रमण के मामले में 6 दिन की सबसे बड़ी गिरावट

संक्रमितों के आंकड़ों में बीते छह दिन में और मौत के आंकड़ों में बीते 28 दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले 25 अगस्त को 66 हजार 873 केस आए थे, जबकि 3 अगस्त को 806 संक्रमितों की मौत हुई थी।

मध्यप्रदेश: बीते 24 घंटे में संक्रमण के रिकॉर्ड मामले दर्ज हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में एक दिन में 1532 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसके बाद कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 63 हजार 965 पहुंच गया है। इनमें 13 हजार 914 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है। 48 हजार 657 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1394 मरीजों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के चलते 20 मौतें हुईं। जिनमें से इंदौर में 4, भोपाल में 5, ग्वालियर-जबलपुर-खरगौन में 2-2 लोगों ने जान गंवाई है।