हमीरपुर समेत चार विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी, भाजपा दो और कांग्रेस एक पर आगे

0
225

नई दिल्ली

उत्तर प्रदेश की हमीरपुर विधानसभा सीट समेत देश के विभिन्न राज्यों की चार विधानसभा सीटों के नतीजों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। हमीरपुर के अलावा छत्तीसगढ़ की दंतेवाड़ा, केरल की पाला और त्रिपुरा की बाधरघाट सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों आज जारी होंगे।

इन सभी सीटों पर सोमवार को मतदान हुए थे। यूपी की हमीरपुर सीट के नतीजों पर सबकी नजरें लगी हुई हैं। इस सीट पर कुल 51 प्रतिशत वोटिंग ही हो पाई थी। वहीं छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 23 तारीख को मतदान हुआ था। जिसमें क्षेत्र के 60.59 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

यूपी के हमीरपुर विधानसभा सीट उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी 1020 मतों से आगे
हमीरपुर के सदर विधानसभा के उपचुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। वर्तमान में भाजपा प्रत्याशी युवराज सिंह 1020 वोटों से आगे चल रहे हैं। दोपहर बाद तीन बजे तक परिणाम आने की संभावना है। सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने बताया कि तीन सीओ, 18 इंस्पेक्टर, 30 दरोगा, दो सौ सिपाही, 24 महिला सिपाही संग एक कंपनी अर्द्धसैनिक बल और एक प्लाटून पीएसी को लगाया गया है। मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए दो गेट बनाए गए हैं।

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा विधानसभा सीट उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी 2778 मतों से आगे
छत्तीसगढ़ की नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा विधानसभा सीट में सत्ताधारी दल कांग्रेस निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी से 2778 मतों से आगे है। जिले के निर्वाचन अधिकारियों ने आज यहां बताया कि दंतेवाड़ा विधानसभा सीट पर हो रहे उपुचनाव में आज वोटों की गिनती की जा रही है। मतगणना कुल 14 मेजों पर 20 चक्रों में हो रही है।

छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक भीमा मंडावी की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। विधायक मंडावी की मृत्यु के बाद से यह सीट रिक्त है। इस विधानसभा सीट के लिए इस महीने की 23 तारीख को मतदान हुआ था। जिसमें क्षेत्र के 60.59 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

इस उपचुनाव में कुल नौ उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। लेकिन मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के बीच है। कांग्रेस ने दंतेवाड़ा सीट के लिए देवती कर्मा पर भरोसा किया है। देवती कर्मा पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा की पत्नी है। वर्ष 2013 में झीरम घाटी हमले में नक्सलियों ने महेंद्र कर्मा की हत्या कर दी थी। वहीं भाजपा ने विधायक रहे भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी को चुनाव मैदान में उतारा है।

केरल के पाला विधानसभा सीट उपचुनाव में एलडीएफ प्रत्याशी आगे
केरल के पाला निर्वाचन क्षेत्र में एलडीएफ के मणि सी कप्पन 156 वोटों से आगे चल रहे हैं। पाला विधानसभा सीट पर 71.48 फीसदी मतदान हुआ था। पूर्व वित्त मंत्री और केरल कांग्रेस (एम) के नेता के एम मणि के निधन के कारण यहां उपचुनाव कराया गया।

त्रिपुरा के बाधरघाट विधानसभा सीट उपचुनाव में भाजपा आगे
त्रिपुरा की बाधरघाट सीट भाजपा के विधायक रहे दिलीप सरकार के निधन होने के चलते यह सीट खाली हो गई थी। इस सीट पर कुल 79 पर्सेंट वोट लोगों ने वोट डाला था।