मां की हत्या करके दलित बेटी उठा ले गया दबंग:मेरठ में भड़के लोगों ने एंबुलेंस तोड़ी, गांव में तनाव; आरोपी का परिवार भागा

0
74

TIO मेरठ

यूपी के मेरठ में दबंग कंपाउंडर ने एक दलित महिला की हत्या कर दी। फिर उसकी बेटी को उठा ले गया। आरोपी राजपूत है। इस वारदात के बाद तनाव फैल गया।

पुलिस परिवार को बिना बताए डेड बॉडी अस्पताल से सीधे पोस्टमॉर्टम हाउस ले जा रही थी। लेकिन इसकी भनक लोगों को लग गई। उन्हें एम्बुलेंस को रोक लिया। तोड़फोड़ कर दी। उसके शीशे तोड़ डाले। लाश को उठाने से रोक दिया।

सभी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। अफसरों ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया। करीब दो घंटे के हंगामे के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा सका।

आरोपी और दलित परिवार एक ही गांव के हैं। आरोपी के दादा-दादी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जबकि मां-पिता और भाई फरार हो गए हैं। गांव में तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात है।

इस वारदात पर सियासत भी शुरू हो गई है। सपा विधायक अतुल प्रधान ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। नगीना से सांसद चंद्रशेखर की भीम आर्मी के कार्यकर्ता गांव पहुंचे। लगभग दो घंटे तक चले हंगामे के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर से डेडबॉडी को उठने दिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने कहा- आरोपी ठाकुर है, इसलिए न्याय मिलने में देरी हो रही है। अगर आरोपी किसी अन्य समाज का होता तो अब तक बचा नहीं होता। पुलिस ने हमसे 84 घंटे का समय मांगा है। अगर परिवार को न्याय नहीं मिला तो हमारे नेता चंद्रशेखर खुद आएंगे। कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।

3 फोटो देखिए…

ये सुबह 8 बजे वारदात के बाद की फोटो है। ग्रामीण और परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
ये सुबह 8 बजे वारदात के बाद की फोटो है। ग्रामीण और परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
ये अस्पताल के बाहर फुटेज है। यहां लड़की के गांववालों और परिजनों ने हंगामा किया।
ये अस्पताल के बाहर फुटेज है। यहां लड़की के गांववालों और परिजनों ने हंगामा किया।
महिला की मौत होने के बाद भीड़ ने एम्बुलेंस में तोड़फोड़ की।
महिला की मौत होने के बाद भीड़ ने एम्बुलेंस में तोड़फोड़ की।

पीएम हाउस पर 4 थानों की फोर्स मौजूद 

पीएम हाउस पर एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। उनके साथ 3 सर्किल के सीओ हैं। सीओ सिविल लाइन अभिषेक त्रिपाठी, सीओ किठौर और सीओ सदर देहात हैं। इसके अलावा नौचंदी थाना, मेडिकल थाना, सिविल लाइन थाना और गंगानगर थाने का पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। 4 थानों की फोर्स लगी है, थानाप्रभारी भी पहुंचे हैं।

भाजपा नेता डॉ. रविप्रकाश ने कहा- बेहद वीभत्स घटना है

पीएम हाउस पर रालोद नेता नरेंद्र खजूरी और भाजपा अनुसूचित मोर्चा के वेस्ट यूपी उपाध्यक्ष डॉ. रविप्रकाश भी पहुंचे। डॉ. रविप्रकाश ने कहा- बेहद वीभत्स घटना है इससे ज्यादा हीनियस और कुछ नहीं हो सकता। हमारी मांग पुलिस से है कि आरोपियों ने जिस तरह ये घटना की है, ऐसे में यूपी सरकार की जीरो टोलरेंस की नीति को यहां भी लागू किया जाए। पुलिस आरोपियों को रातोंरात पकड़े और खुलासा करें। लड़की को बरामद करें और आरोपियों पर एक्शन ले। अपहरण और सरेआम हत्या की जो वारदात हुई है, उसमें आरोपियों के घर पर बुलडोजर भी चले। ताकि समाज को पता चले कि यूपी में भाजपा सरकार अपराधियों को बख्शती नहीं है।

सपा ने कहा- सरकार  50 लाख और एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दे

परिवार के लिए सपा ने मांग की है कि सरकार 50 लाख रुपए और एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दे। अखिलेश यादव भी कल पीड़ित परिवार से कॉल पर बात करेंगे।

भाई ने बताया- अप्रैल में होनी थी बहन की शादी

लड़की के भाई ने बताया- लड़की की अप्रैल में शादी होनी है। दिसंबर में ही उसकी सगाई हुई है। हम लोग बहुत गरीब है, इस घटना के बाद और टूट गए हैं। अप्रैल में ही बहन की शादी होनी है अब अब कैसे होगा।