TIO BHIND
भिंड जिले की दबोह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार बदमाशाें को दबोचा है। बदमाश एक सप्ताह से किसानों से मारपीट कर उन्हें लूट रहे थे। सभी बदमाश आसपास के गांवों के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो सबसे पहले इन्होंने फायर किया। जब पूरी तरह से घिर गए तो हथियारों को कुएं में फेंककर भागने लगे। पुलिस पीछे दौड़ी तो पथराव भी किया। पुलिस मौके से हथियारों की बरामदी के लिए कुएं को खंगाल रही है। इन बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड भी तलाशा जा रहा है।
लहार एसडीओपी अवनीश बंसल का कहना है कि ये बदमाश स्थानीय हैं। वे किसानों से मारपीट कर लूटपाट करते थे। रात में पुलिस ने जब बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी। ये बदमाश खेतों पर बिछी चारपाई पर सो रहे थे। पुलिस की आहट से सभी खेत पर बने एक कमरे में जा छिपे। यहां से उन्होंने पुलिस पर हवाई फायर किए। दो से तीन राउंड फायर किए गए। इसके बाद पुलिस ने जब घेराबंदी की तो इन सभी ने कुएं में हथियार फेंक दिए। जब पुलिस बदमाशों को पकड़ने कमरे के नजदीक पहुंची तो उन्होंने पथराव भी किया।
खेतों पर जाने से डरते थे किसान
बदमाशों में एक फरदुआ गांव का रहने वाला है। पुलिस और बदमाशों की मूठभेड़ फरदुआ व करियावली के खेतों के पास की है। ये फरदुआ के एक किसान की खेत में बनी झोपड़ी में छिप गए थे। इन बदमाशों का मूवमेंट एक सप्ताह से अरूसी, रूरई, फरदुआ, करियावली, लोटमपुरा, निसार, चुरली के हार में था।