श्योपुर। बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरे भाजपा-कांग्रेस के नेताओं को मनाने में दोनों ही पार्टियों के आला नेता जुट चुके हैं। कांग्रेस तो अपने बागी नेताओं को मनाने में सफल हो चुकी है लेकिन, भाजपा अभी भी विजयपुर विधानसभा में बगावत करने वाले मुकेश मल्होत्रा को मनाने के लिए एंडी-चोटी का जोर लगा रही है।
Damage control in Congress, some nominated for return
ज्योतिरादित्य सिंधिया और संगठन के शीर्ष नेताओं से हुई बातचीत के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष बृजराज सिंह चौहान ने निर्दलीय चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उधर, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष रामलखन हिरनीखेड़ा ने भी नामांकन फॉर्म वापस लेकर पार्टी के लिए काम करने की घोषणा कर दी।
सिंधिया सहित कई शीर्ष नेताओं ने बृजराज सिंह को मनाया
टिकट कटने से हताश बृजराज सिंह चौहान ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए शुक्रवार को नामांकन फार्म जमा कर दिया था। गौरतलब है कि 1998 में भी टिकट कटने पर बृजराज सिंह चौहान ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीता। शुक्रवार की देर रात सिंधिया सहित कई शीर्ष नेताओं ने बृजराज सिंह को मनाया। शनिवार को बृजराज सिंह ने ऐलान कर दिया कि वह निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ेंगे।
सोमवार या मंगलवार को वह नामांकन फॉर्म वापस ले लेंगे। पत्रकारों के सवालों पर बृजराज सिंह ने कहा कि शीर्ष नेताओं के दिशा-निदेर्शों पर सोची-समझी रणनीति के तहत ही उन्होंने नामांकन फार्म भरा था और उसी रणनीति के तहत वह नामांकन फार्म वापस ले रहे हैं।

