TIO BHOPAL
मौसम के करवट बदलते ही प्रदेश भर में लोगों को इस सीजन में पहली बार ठिठुरन का अहसास हुआ। आज भी भोपाल समेत कई जिलों में घना कोहरा रहा। प्रदेश में सबसे ठंडा नौगांव (छतरपुर) रहा। यहां रात का तापमान 6.2 रिकॉर्ड हुआ। सीधी, खंडवा, खरगोन, बैतूल, नर्मदापुरम, रीवा, सतना को छोड़ प्रदेश के बाकी सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा है। ठंड की वजह से कुछ जिलों में स्कूल टाइमिंग भी बदल दी गई है।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि अगले दो दिन तक इसी तरह का मौसम रहेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़त होगी, लेकिन तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। इधर, मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों जैसे जबलपुर, नर्मदपुरम, बैतूल, पचमढ़ी, भोपाल इंदौर में कहीं-कहीं बादल और हल्की बारिश हो सकती है।
यहां स्कूल टाइमिंग बदली
कड़ाके की ठंड की वजह से कई जिलों में स्कूल टाइमिंग बदली गई है। सागर में सुबह 9.30 बजे स्कूल लगेंगे। रीवा में 5th क्लास तक के स्कूल सुबह 10.30 बजे से लगेंगे। भिंड में एक हफ्ते पहले ही स्कूल टाइम सुबह 10.30 बजे किया जा चुका है।
इस कारण अचानक गिरा तापमान
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पश्चिम से आने वाली हवाओं के स्ट्रांग और नमी के कारण हिमालय में बर्फबारी हुई है। इससे मैदानी इलाकों में ठंडी और नमी भरी हवाएं चलने से तापमान में तेजी से गिरावट हुई। हवाओं की स्पीड कम रहने के कारण प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा देखा गया। हवाओं की गति तेज होने से लुधियाना, हिसार और पूर्णिया में 25-25 मीटर तक विजिबिलिटी रही, जबकि भोपाल के अलावा चंडीगढ़, अंबाला, भिवानी, करनाल, भागलपुर और मंडी में दृश्यता 50-50 मीटर तक रही। इन इलाकों में सबसे ज्यादा कोहरा देखा गया।