नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों दक्षिणी कश्मीर के विक्टर फोर्स में प्रशिक्षण ले रहे हैं। धोनी ने टेरिटोरियल आर्मी में काम करने के लिए क्रिकेट से दो महीने का आराम ले रखा है। खबरों की माने तो पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लद्दाख के लेह में तिरंगा फहरा सकते हैं।
सेना के एक अधिकरी ने कहा, ‘धोनी भारतीय सेना के ब्रैंड एंबेसडर हैं। वह अपनी यूनिट के सदस्यों को प्रेरित करने में लगे हुए हैं और अक्सर सैनिकों के साथ फुटबॉल और वॉलीबॉल खेल रहे हैं। वह कोर के साथ अभ्यास भी कर रहे हैं। वह 15 अगस्त तक घाटी में तब तक रहेंगे।’ हालांकि अधिकारी ने यह नहीं बताया कि धोनी 15 अगस्त को किस स्थान पर तिरंगा फहराएंगे।
धोनी 106 टेरिटोरियल आर्मी बटालियन पैरा कमांडो यूनिट में तैनात हैं। अवंतीपोरा में प्रशिक्षण के दौरान दैनिक कार्यों से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। ड्यूटी के दौरान वह जवानों का हौसला भी बढ़ाते देखे जा रहे हैं।
सोने के लिए दस फुट के कमरे में एक तख्त पड़ा हुआ है। वह अपना निजी कार्य खुद कर रहे हैं। अधिकारियों तथा जवानों की हाजिरी लेने के साथ-साथ उन्हें काम का जिम्मा भी सौंप रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को कामकाज की रिपोर्ट भी दे रहे हैं।
धोनी ने 30 जुलाई को ड्यूटी संभाली थी और वे 15 अगस्त तक अपनी बटालियन के साथ लेह में रहेंगे। उल्लेखनीय है कि धोनी ने पहले ही बता दिया था कि वह वेस्टइंडीज दौरे पर टीम के साथ नहीं जाएंगे। सैन्य ट्रेनिंग में शामिल होने के लिए उन्होंने सेनाध्यक्ष विपिन रावत से अनुमति भी ली थी।