नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव में हार की समीक्षा के लिए हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद छोड़ने की पेशकश की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल ने इस बैठक में कहा कि पार्टी गांधी परिवार से इतर किसी व्यक्ति को अध्यक्ष पद पर चुने। सीडब्ल्यूसी ने राहुल की यह पेशकश नामंजूर कर कहा कि पार्टी को आपके मार्गदर्शन और नेतृत्व की जरूरत है। इससे पहले कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के दौरान भी राहुल के इस्तीफे की पेशकश की खबरें आई थीं, लेकिन तब पार्टी ने इससे इनकार कर दिया था।
हार की जिम्मेदारी लेते हुए राहुल ने इस्तीफे की पेशकश की- गुलाम नबी आजाद
गुलाम नबी आजाद ने कहा- लोकसभा चुनाव की हार की आने वाले दिनों में विस्तार से समीक्षा की जाएगी। लोकतंत्र में हार-जीत होती है, लेकिन राहुल गांधी ने नेतृत्व किया और यह नेतृत्व दिख रहा था। जनता को भी यह नेतृत्व दिख रहा था। हमारे सिद्धांतों की पराजय नहीं है, यह आंकड़ों की पराजय है। कार्यसमिति की बैठक में जब राहुल की बोलने की बारी आई तो उन्होंने कहा कि मैं पार्टी का अध्यक्ष हूं और जिम्मेदारी लेते हुए मुझे इस्तीफा देना चाहिए। आपको नया अध्यक्ष चुनना चाहिए। सभी ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव से इनकार कर दिया। कार्यसमिति ने कहा कि इन परिस्थितियों में अगर कोई कांग्रेस का नेतृत्व कर सकता है तो वे राहुल ही कर सकते हैं।
कांग्रेस ने लगातार दूसरे लोकसभा चुनाव में अपना प्रदर्शन नहीं सुधार पाई। 2014 में कांग्रेस ने 44 सीटें जीती थीं, इस बार पार्टी को आठ सीटों का फायदा हुआ। खासकर मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में, जहां पार्टी ने पांच महीने पहले ही विधानसभा चुनाव जीते थे। बैठक में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हुई हार पर भी मंथन हुआ। यहां कांग्रेस सत्ता में थी, लेकिन इस बार भाजपा ने 28 में से 25 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस को सिर्फ एक सीट पर संतोष करना पड़ा।
तीन राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों ने इस्तीफा सौंपा
इस बीच न्यूज एजेंसी के मुताबिक, कर्नाटक, उत्तरप्रदेश और ओडिशा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों ने हार की जिम्मेदारी को लेते हुए इस्तीफा दे दिया है।