भोपाल। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, मध्य प्रदेश में कांग्रेस, बीजेपी को मात देने के लिए सॉफ्ट हिंदुत्व का कार्ड खेलती दिख रही है। गोशाला बनवाने के वादे के बाद अब कांग्रेस ने ‘राम पथ’ के निर्माण की बात कही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का कहना है कि सत्ता पर आने के बाद मध्य प्रदेश की सीमा तक राम पथ का निर्माण कराया जाएगा।
Digvijay’s Hindutva card: If you come to power then you will build Ram Path
दिलचस्प यह है कि अभी तक कांग्रेस बीजेपी को उसकी हिंदुत्व की राजनीति के लिए ही घेरती आई है लेकिन चुनावों के दस्तक देते ही वह कांग्रेस अपनी विरोधी पार्टी के नक्शेकदम पर चलती दिखाई दे रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमिटी की समन्वय समिति के मुखिया दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘उन्होंने (बीजेपी) ने राम पथ का वादा किया था लेकिन यह अभी तक बना नहीं है, जब हम सत्ता में आएंगे तो जरूर इसका निर्माण कराएंगे।’
दिग्विजय ने कहा, ‘नर्मदा परिक्रमा के दौरान महसूस हुआ था कि राम पथ का निर्माण होना चाहिए। यह पथ मध्य प्रदेश की सीमा तक बने इस पर हम विचार कर रहे हैं।’ बता दें कि कुछ दिन पहले ही मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने ऐलान किया था कि सत्ता में आने पर कांग्रेस पार्टी राज्य के हरेक पंचायत में गोशाला बनवाएगी। उन्होंने आरोप लगाया था कि बीजेपी गोमाता को लेकर बहुत बड़ी-बड़ी बातें करती है लेकिन करती कुछ नहीं है। उन्होंने कहा था कि इस गोशाला के लिए अलग से फंड मुहैया कराया जाएगा।