चुनाव आयोग ने साध्वी प्रज्ञा के चुनाव प्रचार पर लगाई तीन दिन की रोक

0
608

भोपाल, TIO

चुनाव आयोग ने भोपाल से भाजपा की प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के चुनाव प्रचार पर 3 दिन तक रोक लगा दी है। आयोग ने यह फैसला साध्वी प्रज्ञा के बाबरी ढांचे पर दिए गए बयान पर लगाई है। आयोग ने प्रज्ञा के बयान को आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया है। आयोग ने इस बयान के बाद स्वत: संज्ञान लेते हुए प्रज्ञा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था।

टीवी चैनल से बातचीत में कहा था- विवादित ढांचा तोड़ने पर गर्व है
साध्वी प्रज्ञा ने कुछ दिन पहले एक टीवी चैनल पर कहा था- अयोध्या में विवादित ढांचे तोड़ने पर मुझे गर्व है। मैं खुद विवादित ढांचा गिराने गई थी। मुझे ईश्वर ने शक्ति दी थी, हमने देश का कलंक मिटाया है।

इस बयान पर जिला निर्वाचन अधिकारी सुदाम पी खाडे ने संज्ञान लेते हुए प्रज्ञा से जवाब तलब किया था।

बयान पर साध्वी ने दी थी सफाई 
आयोग ने जब इस पर साध्वी प्रज्ञा से जवाब मांगा तो उन्होंने कहा था कि चैनल को उन्होंने तब बयान दिया था, जब वे भाजपा प्रत्याशी नहीं थीं। उन्होंने कहा कि मैंने अंतर्मन की बात कही थी। मीडिया मॉनीटरिंग सेल इस बयान पर संज्ञान नहीं ले सकता।