यूरोपीय सांसद बोले, आतंकवाद कश्मीर की सबसे बड़ी समस्या, पाकिस्तान करता है फंडिंग

0
157

श्रीनगर

जम्मू-कश्मीर के दौरे पर गए 23 यूरोपीय सांसदों ने आतंकवाद पर भारत के साथ होने बात करते हुए कहा है कि यह वैश्विक समस्या है। इनमें से एक सांसद ने आतंकवाद के खिलाफ भारत का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि पाकिस्तान से दहशतगर्दों को फंडिंग होती है। सांसदों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जंग में हम भारत के साथ हैं।

यूरोपीय संसद के सदस्य थेरी मरियानी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं करीब 20 बार भारत आ चुका हूं। इससे पहले दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में गया था। हमारा लक्ष्य जम्मू-कश्मीर को लेकर जानकारी हासिल करना था। कश्मीर में स्थितियां अब लगभग सुलझने को हैं।

उन्होंने बताया कि हमने अपने दौरे में ऐक्टिविस्ट्स से मुलाकात की, जिन्होंने शांति को लेकर अपना विजन बताया। मरियानी ने कहा कि हमने सिविल सोसायटी के लोगों से भी मीटिंग की। उनके अलावा युनाइटेड किंगडम के यूरोपीय सांसद बिल न्यूटन ने मंगलवार को मजदूरों की हत्या को दर्दनाक बताया। उन्होंने कहा कि आतंकियों की ओर से ऐसी हत्याएं किया जाना दर्दनाक है। न्यूटन ने कहा कि भारत का हमेशा से शांति का इतिहास रहा है। कल हमने सिविल सोसायटी के लोगों समेत काफी लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने यहां केंद्र सरकार से आने वाले पैसों में करप्शन की बात कही।

एक अन्य सांसद ने कहा कि हमें भारत को समर्थन करने की जरूरत है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। गौरतलब है कि यूरोपीय संसद के 23 सदस्य मंगलवार को दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर के दौरे पर पहुंचे थे। उनके इस दौरे को लेकर विपक्षी दलों ने सवाल उठाया है कि जब देश के सांसदों को एयरपोर्ट से ही लौटा दिया जा रहा है तो फिर विदेशी सांसदों को क्यों कश्मीर में एंट्री दी गई।