शिवपुरी
जिले के बैराड़ में बुधवार देर रात अवैध रूप से पटाखे बनाते वक्त एक मकान के भीतर धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि मकान की छत कई फीट हवा में उड़ गई। वहीं घर की दीवार भी धराशायी हो गई। उस वक्त घर में तीन लोग थे। जो धमाके की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बैराड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां मकान मालिक आजाद खान की हालत बिगड़ने पर उसे शिवपुरी रैफर किया गया है। इस घटना में आजाद की पत्नी रुखसाना और बेटा इसराइल भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनके सिर में चोट लगी है। जिनका इलाज बैराड में ही चल रहा है।
वो तो गनीमत रही कि घर में ज्यादा बारूद नहीं रखा था। वरना नुकसान ज्यादा होता। घटना की जानकारी मिलते ही रात में पुलिस मौके पर पहुंचीं और घर से अवैध रूप से पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला बारूद के अलावा बाकी सामान जब्त किया।