TIO NEW DELHI
कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के 4 महीने पूरे होने पर संयुक्त किसान मोर्चा ने शुक्रवार को भारत बंद बुलाया है। मोर्चा के मुताबिक, देश के तमाम किसान संगठनों, मजदूर संगठनों, छात्र संगठनों, बार संघ, सियासी दलों और राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों ने उनके बंद का समर्थन किया है। बंद सुबह 6 से शाम 6 बजे तक होगा। किसान नेताओं ने कहा है कि भारत बंद में शामिल होने के लिए किसी से जबरदस्ती नहीं की जाएगी।
किसान आंदोलनकारियों के भारत बंद को लेकर दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशन को बंद करने का फैसला लिया गया है। जिन मेट्रो स्टेशन को बंद किया गया है, उनमें टिकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
भारत बंद के चलते चार शताब्दी ट्रेन रद्द
तीनों कृषि कानूनों के चलते किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का असर पंजाब और हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। यहां किसान आंदोलनकारी 31 स्थानों पर धरने पर बैठे हैं। अंबाला और फिरोजपुर मंडल में रेल सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं अब तक चार शताब्दी ट्रेन को रद्द किया जा चुका है।
राहुल गांधी ने भारत बंद का किया समर्थन
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का समर्थन किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि भारत का इतिहास गवाह है कि सत्याग्रह से ही अत्याचार, अन्याय व अहंकार का अंत होता है। उन्होंने आगे लिखा कि आंदोलन देशहित में और शांतिपूर्ण हो।