TIO NEW DELHI
क्रूज ड्रग्स मामले में NCP नेता नवाब मलिक ने आज फिर बड़े आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि दाढ़ी वाला जो शख्स क्रूज पर था, वह फैशन टीवी का इंडिया हेड कासिफ खान है। वह बड़े पैमाने पर ड्रग्स का धंधा करता है और सेक्स रैकेट चलाता है। NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के उससे (कासिफ खान से) अच्छे संबंध हैं।
मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद आर्यन खान (शाहरुख खान के बेटे) के लिए देश के दिग्गज वकील मुकुल रोहतगी की मदद लेने का शाहरुख का फैसला सही साबित हुआ। निचली अदालत से दो बार जमानत अर्जी खारिज होने के बाद आर्यन को गुरुवार शाम बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। हालांकि, फैसला शाम को आया था, इसलिए आर्यन की रिहाई नहीं हो सकी। आज माना जा रहा है कि कागजी कार्रवाई पूरी होते ही आर्यन जेल से बाहर आ जाएंगे और 26 दिन बाद वे ‘मन्नत’ यानी अपने घर में कदम रखेंगे।
आर्यन को जमानत मिलने के बाद वकील मुकुल रोहतगी ने कहा कि जब शाहरुख खान मुझसे मिलने आए तो उनकी आंखों में आंसू थे, लेकिन अब ये आंसू खुशी के हैं। अब उन्हें तसल्ली मिल चुकी है। आर्यन अब शाहरुख के जन्मदिन (2 नवंबर) को परिवार के साथ होंगे और दीपावली भी घर पर मना सकेंगे।

