मुंबई। मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुए हादसे से हड़कंप मच गया। घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में सड़क पर चल रहा एक व्यक्ति भी शामिल है। पहले रिपोर्ट्स में कहा गया कि विमान उत्तर प्रदेश सरकार का था लेकिन बाद में सरकार ने इसका खंडन कर दिया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और बचाव अभियान जारी है। मुंबई पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच करने की बात कही है।
Five people died due to falling Chartered Plane in Ghatkopar, Mumbai
बता दें कि घाटकोपर में जागृति बिल्डिंग के पास एक निमार्णाधीन इमारत पर दिन के वक्त एक चार्टर्ड प्लेन आ गिरा। रिपोर्ट्स के मुताबिक VT-UPZ प्लेन वर्ष 2014 तक यूपी सरकार का था। बाद में यूपी सरकार ने इसे यूवाई एविएशन बांबे को बेच दिया। इस प्लेन में कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। नागर विमानन महानिदेशालय के मुताबिक हादसे में विमान में सवार दो पायलट, दो इंजिनियर और सड़क पर चल रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे के ठीक बाद घटनास्थल से एक व्यक्ति को आग की लपटों समेत बाहर आते देखा गया था। मौके पर फायर ब्रिगेड के तीन इंजिन और एक जंबो वॉटर टैंकर पहुंचे। आग पर काबू पा लिया गया है। मुंबई पुलिस ने घटना की जांच की बात कही है। हादसे का कारण पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
प्लेन मुंबई एयरपोर्ट के मेन रनवे 27 से तीन किमी की दूरी पर था जब क्रैश हुआ। मेन रनवे 09/27 को बंद कर दिया गया है और वहां के आॅपरेशन्स सेकंडरी रनवे को ट्रांसफर कर दिए गए हैं। दरअसल, क्रैश का स्थान मेन रनवे तक पहुंचने के रास्ते में आता है और वहां से निकल रहे धुएं के कारण हवाई यातायात बाधित हो सकता था।

