बाढ़ का कहर जारी, केरल में 111 की मौत, कर्नाटक में और बिगड़े हालात

0
335

नई दिल्ली

भारी बारिश से एक बार फिर देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। केरल, राजस्थान, हरियाणा, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में अलर्ट घोषित किया गया है। बीते 10 दिन के अंदर केरल में बाढ़ से 111 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं राजस्थान में पिछले 24 घंटों में वर्षाजनित हादसों में पांच लोगों की मौत हुई है।

बारिश और बाढ़ की मार झेल रहे केरल में 31 लोग अब भी लापता हैं। हालांकि बारिश थमने से यहां बचाव कार्य में तेजी आई है। इधर, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाते हुए शुक्रवार को रेड अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल में शुक्रवार को बारिश व भूस्खलन से तीन लोगों की मौत हो गई। राजस्थान में लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के हाड़ौती इलाके में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि जोधपुर, नागौर और पाली के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।

सेना को सक्रिय रहने का निर्देश

राजस्थान के कोटा, बारां, भीलवाड़ा, झालावाड़ और बूंदी जिले में रिकॉर्डतोड़ बारिश के बाद सेना को सतर्क किया गया है। आपदा प्रबंध सचिव आशुतोष एटी पेडणेकर ने बताया कि प्रदेश से निरंतर बहाव के बारे में मध्यप्रदेश सरकार को लगातार जानकारी दी जा रही है।

मौसम विभाग ने राजस्थान के तीन जिलों जोधपुर, नागौर और पाली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं सेना को कोटा, बारां, भीलवाड़ा, झलावाड़ और बूंदी में सक्रिय रहने को कहा गया है। इन जिलों में गुरुवार को 160 मिमी बारिश हुई है। राजस्थान में बाढ़ से पांच लोगों की मौत हो गई है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री पीएम नरेंद्र मोदी से मिले, तीन हजार करोड़ की मदद मांगी 

बाढ़ से बेहाल कर्नाटक के सीएम बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और केंद्र से तीन हजार करोड़ रुपये की मदद मांगी। पीएम मोदी ने येदियुरप्पा को भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द केंद्र सरकार की एक टीम राज्य में जाकर बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेगी। इसके बाद केंद्र राहत राशि जारी करेगा। येदियुरप्पा ने मोदी को बताया कि 108 सालों में यह सबसे भयानक बाढ़ है। कर्नाटक में अब तक बाढ़ से 65 लोगों की मौत हो चुकी है।

जेडीएस ने केंद्र सरकार पर राहत राशि भेजने में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के दौरे के बाद भी मदद नहीं की गई। जेडीएस ने पांच हजार करोड़ रुपये की राहत राशि की मांग की है। उधर महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली में भी हालात में सुधार हुआ है। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 54 हो गई है और सात लाख लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया।

आंध्र प्रदेश में 4000 लोगों को सुरक्षित निकाला

आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को कृष्णा व गोदावरी नदियों में पानी बढ़ने से आसपास के इलाकों में बाढ़ से हालात हो गए। एनडीआरएफ की टीमों ने 4 हजार लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पीछे से पानी छोड़े जाने के कारण विजयवाड़ा में कृष्णा नदी पर बने प्रकाशम बांध में पानी तेजी से बढ़ गया जिसके बाद द्वार खोले गए और कृष्णा उफान पर बहने लगी। में पानी बढ़ गया। अधिकारियों के मुताबिक कृष्णा नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।