दक्षिण-पश्चिम के पांच राज्यों में बाढ़ का कहर जारी, गृह मंत्री शाह जाएंगे कर्नाटक तो राहुल केरल

0
235

खास बातें

  • राज्य में 1318 राहत शिविर बनाए गए हैं जिनमें 165519 लोगों को पहुंचाया गया है
  • कर्नाटक में भी मरने वालों की संख्या 24 हो गई है
  • प्रशासन का अनुमान है कि अभी भी मलबे में दबे हैं
तिरुवनंतपुरम

देश के दक्षिण व पश्चिम के पांच राज्यों में शनिवार को बाढ़ के हालात और बिगड़ गए हैं। केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और गुजरात में बीते चार दिनों में 136 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे बुरे हाल केरल के हैं जहां 60 लोगों की मौत हुई और करीब 1.65 लाख लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। इसे देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर्नाटक तो पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज केरल जा रहे हैं।

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने बताया कि राज्य में बाढ़ और बारिश की वजह से अब तक 60 लोगों की मौत हुई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक केरल के आठ जिलों में बाढ़ के हालात हैं। इनमें मल्लपुरम में सर्वाधिक 19 और कोझिकोड में 14 लोगों की मौत हुई है। यहां 80 जगह भूस्खलन की घटना हुई। राज्य में 198 घर पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। राज्य में 1318 राहत शिविर बनाए गए हैं जिनमें 165519 लोगों को पहुंचाया गया है।

सेना, एनडीआरएफ और वायुसेना की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग ने तीन राज्यों वायनाड, कन्नूर और कसारगोड़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। केरल में पिछले साल आई बाढ़ में भी 400 लोगों की जान गई थी और लाखों लोग बेघर हुए थे। कर्नाटक में भी मरने वालों की संख्या 24 हो गई है।

दक्षिण रेलवे ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए एर्नाकुलम-चेन्नई, चेन्नई-कोलम और बंगलूरू-कोल्लम के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। कोच्चि हवाई अड्डे का संचालन भी रविवार दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएगा। इसके अतिरिक्त गुजरात में 19 लोगों की मौत हुई।

गृह मंत्री शाह आज कर्नाटक के बेलगावी जिले का करेंगे हवाई सर्वे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित बेलगावी इलाके का हवाई निरीक्षण करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित बेलगावी इलाके का हवाई निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्री बेलगावी जिले में बाढ़ की स्थिति का आकलन करेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि कर्नाटक सरकार ने शनिवार को 17 जिलों में 80 तालुकों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया।

यह आदेश बड़ी संख्या में जान-माल के नुकसान, मवेशियों के मारे जाने और फसलों के नुकसान का आकलन करने के बाद जारी किया गया। आधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित तालुक बेलगावी, बागलकोट, रायचुर, कलबुर्गी, यादगिर, विजयपुरा, गडग, हावेरी, धारवाड़, शिवमोगा, चिकमंगलुर, कोडागु, दक्षिण कन्नड़ उडुपी, उत्तर कन्नड़ और मैसूर में हैं।