कोहरे का कहर: दिल्ली एनसीआर में दृश्यता शून्य

0
186
  • नए साल में बारिश का अनुमान, दो जनवरी को पड़ सकते हैं ओले
  • मौदानी इलाकों में रविवार को मिली मामूली राहत, दुश्वारियां कायम
  • कई राज्यों में तापमान तीन डिग्री, -40 डिग्री रहा लीपूपास में पारा

नई दिल्ली

उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में ज्यादातर जगहों पर तापमान शून्य से तीन डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कई स्थानों पर दृश्यता शून्य हो गई है। मौसम विभाग ने आठ राज्यों में रेड अलर्ट जारी कर दिया। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्यप्रदेश में भीषण सर्दी को लेकर चेतावनी जारी की गई। वहीं, उत्तर प्रदेश में ठंड से 68 लोगों की मौत हुई है।

घने कोहरे के चलते उत्तरी रेलवे की 30 ट्रेनें  देरी से चल रही हैं। कोहरे का सितम विमानों पर भी देखा जा रहा है, तीन फ्लाइट्स को दिल्ली से दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है। लेकिन अभी तक किसी फ्लाइट्स को रद्द नहीं किया गया है।

दिल्ली हवाईअड्डे पर कोहरे के चलते सामान्य परिचालन प्रभावित हुआ है। विमान पट्टी पर कम दृश्यता के चलते विमानों के आगमन और प्रस्थान पर इसका असर देखा जा सकता है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

अनुमान है कि एक से दो जनवरी के बीच यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत कुछ राज्यों में बारिश हो सकती है। रविवार को न्यूनतम पारे में कुछ बढ़ोतरी दिखी पर दुश्वारियां कायम रहीं। हवाओं के रुख में बदलाव के चलते सोमवार से उत्तर-पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान बढ़ेगा और ठंड से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।