कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी आज रायबरेली से नामांकन करेंगी दाखिल तो, अमेठी में स्मृति भरेंगी पर्चा

0
489

लखनऊ। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी आज रायबरेली से नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं, अमेठी सीट से केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। सोनिया गांधी कांग्रेस कार्यालय में पूजा पाठ के बाद नामांकन के लिए रवाना होंगी। इसकी सारी तैयारियां कर ली गई हैं।
सोनिया गांधी पर्चा दाखिल करने से पहले रोड शो करेंगी। इस दौरान राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी उनके साथ रहेंगी। रॉबर्ट वाड्रा और उनके दोनों बच्चे भी रोड शो में शामिल हो सकते हैं। मौजूदा सांसद सोनिया गांधी रायबरेली लोकसभा सीट से पांचवीं बार मैदान में हैं। सोनिया के नामांकन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला का कहना है कि सोनिया गांधी नामांकन करने से पहले रोड शो कर जनता से सीधे रूबरू होंगी। इसकी तैयारियां की जा रही हैं।

वहीं, अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। नामांकन भरते समय सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा कई मंत्री और संसदीय क्षेत्र के सभी भाजपा विधायक मौजूद रहेंगे। नामांकन से पहले स्मृति व योगी करीब तीन किलोमीटर लंबा रोड शो भी करेंगे। भाजपा कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है।