रीवा। मृत किसान के अंतिम संस्कार से वापस लौट रही भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया सिंह पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। माया सिंह ब्यौहरा के उस किसान के अंतिम संस्कार से लौट रही थीं जिसका निधन करहिया मंडी मे हुआ था। हमले में माया सिंह को सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
Former district panchayat president killed in a deadly attack on Rewa
बताया जा रहा है कि रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास अचानक उनकी गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने पत्थर बरसाने शुरू कर दिये। इसी दौरान हमलावरों में से किसी एक शख्स ने माया सिंह की गाड़ी पर गोली चलाई जिसने गाड़ी का सामने का ग्लास तोड़ दिया। इसी ग्लास का टुकड़ा सामने की सीट पर बैठी माया सिंह के सिर में घुस गया।
जिस वक्त ये वारदात हुई उस वक्त माया सिंह के साथ उनके पति वीरेंद्र कुमार और उनके बच्चे भी गाड़ी में मौजूद थे। बाद में उन्हें इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। हमले के बाद भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एवं अन्य भाजपा नेता माया सिंह का हाल जानने अस्पताल पहुंचे फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि ब्यौहरा के किसान की करहिया मंडी में ट्रक के नीच कुचलने से मौत हो गई थी। जिसके बाद किसान आंदोलित हो गए थे। इस दौरान किसानों को शांत कराने में भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया सिंह का भी खासा योगदान रहा था।