ईश्वर ने हम सभी को सेवा के लिए बनाया है लेकिन सेवा में अहंकार नहीं आना चाहिए

0
488

ऊर्जस्विता सम्मान समारोह 2022: 20 ऊर्जस्विताओं का सम्मान

TIO भोपाल

प्रकृति परिवर्तनशील है। हर समय बदलती है। हर व्यक्ति की अपनी भूमिका और सीमाएं तय हैं। ईश्वर ने हम सभी को सेवा के लिए बनाया है। लेकिन यह भी हमें ध्यान रखना होगा कि सेवा में अहंकार नहीं आना चाहिए।

यह उद्गार मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित ऊर्जस्विता सम्मान समारोह 2022 के मुख्य अतिथि के तौर पर व्यक्त किए। समारोह में 20 ऊर्जस्विताओं का सम्मान किया गया। भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय ने समारोह की अध्यक्षता की। भोपाल नगर निगम के अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, आईएचएम के प्राचार्य डॉ. आनंद कुमार सिंह, मध्यप्रदेश बाल आयोग के पूर्व सदस्य श्री विभांशु जोशी और आईएफएस अधिकारी (रिटायर्ड) डॉ. एके भट्टाचार्य विशेष रूप से मौजूद थे।

इस अवसर पर डॉ. यादव ने अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की ओर से बच्चों को शिक्षित करने के उपक्रम की सराहना करते हुए कहा कि एक बच्चा भी ज्ञान की बात कर सकता है। इसके जरिये उन्होंने उज्जैन के राजा भोज के बचपन का एक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा कि राजा मुंज ने बचपन में ही राजा भोज का सिर अलग करने का आदेश दिया था। तब राजा भोज ने न केवल अपने ज्ञान का सदुपयोग करते हुए अपनी जान बचाई, बल्कि राजा मुंज के हाथों होने वाले अन्याय को भी रोक दिया।

महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा कि आज भोपाल में कई नवाचार किए जा रहे हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण है अपने-अपने इलाकों में हरियाली लाकर उद्यानों को बेहतर बनाना। साथ ही हम सामाजिक मुद्दों को उठाकर बुराइयों को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सभी से भोपाल को नशामुक्त बनाने के लिए कदम उठाने की अपील भी की। कार्यक्रम में श्री किशन सूर्यवंशी, डॉ. आनंद कुमार सिंह और श्री विभांशु मिश्रा ने भी संबोधित किया। समारोह में मेघा सोनी ने दुर्गा स्तुति पर अपनी कथक प्रस्तुति देकर माहौल बना दिया।

अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष श्रीमती माही भजनी ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। डॉ. भट्टाचार्य ने ऊर्जस्विता सम्मान समारोह की परिकल्पना साझा की। कार्यक्रम का संचालन तनिष्का पांडेय और तनिष्का आहूजा ने किया। आभार श्री अनुराग द्विवेदी ने माना।

इस साल के अवार्डीः डॉ. सुचित्रा बनर्जी को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसी तरह सुश्री नेहा बग्गा (राजनीति), सुश्री सौम्या तिवारी (खेल), श्रीमती शिबानी घोष (समाज सेवा), सुश्री शेफाली गुप्ता (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया), श्रीमती अर्चिता पाठक (साहित्य), डॉ. अभिलाषा द्विवेदी (शिक्षा), सुश्री रश्मि गोल्या (अभिनय), डॉ. शिखा जैन (कृषि), श्रीमती सरिता राठौड़ (मोटिवेशनल स्पीकर), डॉ. अर्चना जाधवानी (सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर), सुश्री मधुरिमा राजपाल (प्रिंट मीडिया), श्रीमती मेहबूब जहां मीर (शिक्षा), सुश्री एम. पूर्णिमा (बाल संरक्षण), श्रीमती मनीषा सिंह सिसौदिया (बालिका सुरक्षा), श्रीमती नीता दीप बाजपेयी (कला), डॉ. रेणु श्रीवास्तव (कम्युनिकेशन स्किल्स), श्रीमती गायत्री टेकाम (स्पेशल अवार्ड) को भी सम्मानित किया गया।

माही भजनी, अध्यक्ष,
अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी